सांवेर विधानसभा में तेजी से हो रहे हैं विकास कार्यः मंत्री सिलावट
- मंत्री सिलावट ने डकाच्या पंचायत में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का किया शुभारंभ
इंदौर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश और देश विकास की नई गाथा लिख रहा है। सांवेर विधानसभा की चारों दिशाओं में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और यह प्रक्रिया लगातार जारी है। सांवेर विधानसभा को आदर्श विधानसभा बनाया जायेगा।
मंत्री सिलावट रविवार को इंदौर के डकाच्या ग्राम पंचायत में एक करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के शुभारंभ अवसर पर अपना उद्बोधन दे रहे थे। इस मौके पर उन्होंने सांवेर विधानसभा को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।
मंत्री सिलावट ने कहा कि डकाच्या ग्राम पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शुरू हो जाने के बाद महिलाओं को बड़ी सुविधाएं मिलेंगी। अब यहीं पर उन्हें प्रसूति की सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के ग्रामीणों को स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा। इस हॉस्पीटल के निर्माण से आसपास के 15 गांवों के 50 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को इलाज के लिये पहले क्षिप्रा, मांगलिया या इंदौर जाना होता था, जिसमें पैसे और समय दोनों खर्च होते थे। अब यह सुविधा डकाच्या ग्राम पंचायत में नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में 24 घंटे मिलेगी।
सिलावट ने कहा कि कैंसर, डायबिटिज, किडनी, रक्तचाप आदि बीमारियों का मुख्य कारण मिलावटी खाद्य पदार्थों का सेवन है। ऐसे मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान स्वास्थ्य योजना में गरीबों का पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना में जरूरतमंदों को आवास दिये जा रहे हैं। किसानों को केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा 6-6 हजार रुपये की सम्मान निधि दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रतिमाह लाड़ली बहनों को 1500 रुपये खातों में प्रदान किये जा रहे हैं। वर्ष 2028 तक यह राशि बढ़कर तीन हजार रुपये कर दी जायेगी।
सिलावट ने कहा कि वर्ष 2026 कृषि और किसानों के कल्याण का वर्ष है। वर्ष 2004 में प्रदेश में 7 लाख हेक्टेयर पर सिंचित खेती होती थी, जो 2026 में बढ़कर पूरे प्रदेश में 55 लाख हेक्टेयर में सिंचित खेती हो रही है। वर्ष 2028 तक एक करोड़ हेक्टेयर खेती का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सांवेर और पालकांकरिया में सांदीपनि विद्यालय संचालित किये जा रहे हैं। आगामी दिनों में क्षिप्रा और खुड़ैल में भी सांदीपनि विद्यालय शुरू किये जाएंगे। सांवेर विधानसभा में 26 आँगनवाड़ी भवन और स्वीकृत हो गये हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य की सरकारें की प्रमुख प्राथमिकताएं कृषि सुधार, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण है।
मंत्री सिलावट ने कहा कि सांवेर विधानसभा में चार करोड़ रुपये की लागत से मध्य प्रदेश का पहला अंतरराष्ट्रीय स्तर का कबड्डी स्टेडियम तैयार हो गया है, जो अंतिम दौर में है, इसका शीघ्र ही लोकार्पण होना है। मांगलिया में 10 करोड़ रुपये लागत से आयुष औषधालय बनाया गया है, उसका भी लोकार्पण होना है। साथ ही पालिया में ढाई करोड़ रुपये की लागत से 6 बिस्तरों वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्वीकृति मिली है, जो शीघ्र प्रारंभ होगा। इसके अलावा 10 करोड़ रूपये की लागत से डकाच्या से सुल्लाखेड़ी रोड और अर्जुन बड़ोदा से सिलोटिया और पलासिया से सिलोटिया रोड तैयार हो रही है। डकाच्या से कदवाली, डकाच्या से मण्डलावदा रोड पर संत सिंगाजी मंदिर की पुलिया का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि 30 करोड़ रुपये की लागत से अर्जुन बड़ौदा फ्लायओवर के बनने से 10 गांवों के नागरिकों को फायदा होगा।
सिलावट ने विश्व जल दिवस पर सभी ग्रामीणों को जल संवर्धन और जल संरक्षण की शपथ दिलायी। कार्यक्रम के प्रारंभ में मंत्री सिलावट ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर और संत रविदास की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में सतीश मालवीय, रवि वाजपेयी, मुकेश पटेल, रमेश पटेल, हुकुम पटेल, सुरेश पटेल, प्रहलाद पटेल, सरपंच लखन पटेल, उप सरपंच गिरीश पटेल, माखन पटेल, मानसिंह, सोमिल भदौरिया, आदित्य चौरसिया, गोविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

