डेस्क युक्त स्कूल बैग बच्चों के स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में होंगे सहायक : केंद्रीय मंत्री उइके

WhatsApp Channel Join Now
डेस्क युक्त स्कूल बैग बच्चों के स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में होंगे सहायक : केंद्रीय मंत्री उइके


- जेएच कॉलेज में स्कूल बैग विद एजुकेशनल डेस्क वितरण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

बैतूल, 05 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि डेस्क युक्त स्कूल बैग बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी और नवाचारपूर्ण पहल है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए डेस्क युक्त स्कूल बैग उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि बच्चे कहीं भी सुविधापूर्वक बैठकर अध्ययन कर सकें।

केन्द्रीय मंत्री उइके रविवार को बैतूल में स्कूल बैग विद एजुकेशनल डेस्क वितरण कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम भारत सरकार के उपक्रम हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड एचपीसीएल द्वारा अपने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व सीएसआर के तहत यूनिसेड संस्था के सहयोग से बैतूल के जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, भारत सरकार के खान मंत्रालय के नीति सलाहकार तथा राजभाषा समिति के सदस्य अवनीश त्रिपाठी, अपर कलेक्टर वंदना जाट, जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े भी उपस्थित थी।

सर्वप्रथम मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान मुख्य अतिथियों ने बच्चों को डेस्क युक्त बेग वितरित किए। शेष बचे जिले के 27 हजार 778 बच्चों को स्कूल में डेस्क युक्त स्कूल बैग वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में केन्द्रीय खान मंत्रालय के नीति सलाहकार तथा राजभाषा समिति के सदस्य अवनीश त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निपुण भारत कार्यक्रम 2023 के अंतर्गत शिक्षा और स्वास्थ्य को सुदृढ़ और बेहतर बनाने के लिए राज्य और केंद्र स्तर पर बच्चों के लिए कई शैक्षणिक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यूनिसेड संस्था भारत की एक अग्रणी संगठन विकसित भारत के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विभिन्न आईआईटी के साथ देश भर में सामुदायिक शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए नवाचारों की शुरुआत करते हुए ग्रामीण, वंचित, कमजोर वर्ग के जीवन को बदलने के लिए एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story