मप्रः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सपत्नीक हरियाली अमावस्या पर किए बाबा महाकाल के दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सपत्नीक हरियाली अमावस्या पर किए बाबा महाकाल के दर्शन


मप्रः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सपत्नीक हरियाली अमावस्या पर किए बाबा महाकाल के दर्शन


- प्रदेशवासियों के लिए सुख एवं समृद्धि की कामना की

भोपाल, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुधवार को हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर सपत्नीक उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि भगवान की कृपा, प्रदेश के प्रत्येक नागरिक पर बनी रहे तथा मध्य प्रदेश निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की ओर अग्रसर हो। उन्होंने प्रदेश में सुख-शांति, खुशहाली और सौहार्द बनाए रखने तथा सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख एवं समृद्धि की कामना की।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन अध्यात्मिक ऊर्जा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। हरियाली अमावस्या जैसे पावन अवसर पर बाबा महाकाल के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सभी प्रदेशवासियों को हरियाली अमावस्या की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखी, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

पूर्व मंत्री स्व. पारस जैन के निवास पहुंचकर परिजनों से की भेंट, व्यक्त की शोक संवेदना

उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुधवार को उज्जैन प्रवास के दौरान पूर्व मंत्री स्व. पारस जैन के निवास पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की और शोक संवेदना व्यक्त की। शुक्ल ने पूर्व मंत्री स्व. पारस जैन के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ हैं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी स्व. श्री पारस जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story