मप्रः अविरल निर्मल नर्मदा के लिए प्रदेश की निर्णायक पहल

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः अविरल निर्मल नर्मदा के लिए प्रदेश की निर्णायक पहल


- नियमित समन्वय के लिए नर्मदा अनुश्रवण समितियों का हुआ गठन

भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सामान्य प्रशासन विभाग ने माँ नर्मदा के अविरल एवं निर्मल प्रवाह को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समाज, संगठन, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं राज्य शासन के संबंधित विभागों द्वारा संपादित किये जा रहे कार्यों की समग्रता समन्वय एवं अनुश्रवण की दृष्टि से राज्य, जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय समिति का गठन किया है।

जनसम्पर्क अधिकारी संतोष मिश्रा ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय समिति में म.प्र. जन अभियान परिषद् के उपाध्यक्ष समिति के अध्यक्ष एवं कार्यपालक निदेशक सदस्य सचिव होंगे। जिला स्तरीय समिति में जिला कलेक्टर समिति के अध्यक्ष एवं म.प्र. जन अभियान परिषद् के जिला समन्वयक सदस्य सचिव होंगे। विकासखण्ड स्तरीय समिति में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अध्यक्ष एवं विकासखण्ड समन्वयक म.प्र. जन अभियान परिषद् सदस्य सचिव होंगे।

उन्होंने बताया कि समिति में नर्मदा नदी पर कार्यरत नदी संरक्षण, पर्यावरण, जैवविविधता के विषय-विशेषज्ञ सदस्य होंगे। समितियों में शासन के विभाग यथा नगरीय विकास एवं आवास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, किसान कल्याण एवं कृषि विकास, वन, राजस्व, संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्व, विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी, खनिज संसाधन एवं जल संसाधन विभाग तथा नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के विभागीय प्रतिनिधि सदस्य होंगे।

इसके अतिरिक्त नर्मदा समग्र के कार्यकारी निदेशक राज्य स्तरीय समिति में एवं जिला व विकासखण्ड समन्वयक जिला व विकासखण्ड स्तरीय समितियों में सदस्य होंगे। गठित त्रिस्तरीय समिति में आपसी समन्वय होगा। समिति की बैठक प्रत्येक 3 माह में आयोजित की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story