दतिया उपचुनाव से पहले बड़ा फेरबदल, चुनाव आयोग के निर्देश पर 14 पुलिस अधिकारियों का तबादला

WhatsApp Channel Join Now
दतिया उपचुनाव से पहले बड़ा फेरबदल, चुनाव आयोग के निर्देश पर 14 पुलिस अधिकारियों का तबादला


दतिया, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने रविवार को चंबल-ग्वालियर अंचल में तैनात 14 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पदों से हटाकर नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई उपचुनाव के दौरान निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग के 26 जुलाई के पत्र के अनुपालन में इन अधिकारियों को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक नई इकाइयों में पदस्थ किया गया है। इनमें कई थाना प्रभारियों को पुलिस मुख्यालय भोपाल अटैच किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को दतिया जिले के विभिन्न थानों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दतिया विधानसभा क्षेत्र से इन पुलिस अफसरों को हटाया

- थाना प्रभारी अज़ाक – निरीक्षक केहरी परिहार

- थाना सिविल लाइन – उप निरीक्षक अमित ओसारे

- थाना बड़ौनी – उप निरीक्षक नीरज कुमार

- थाना प्रभारी जिगना – उप निरीक्षक रचना माहौर

- थाना गोराघाट – उप निरीक्षक अर्चना पाल

- थाना प्रभारी धीरपुरा – उप निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह जाट

इनके अलावा चंबल-ग्वालियर अंचल के अन्य 8 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को भी इधर-उधर किया गया है।

आचार संहिता से पहले प्रशासन अलर्ट

बताया जा रहा है कि चुनाव आयोग ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों में तीन साल से अधिक समय से जमे पुलिस अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में यह तबादला किया गया है ताकि किसी भी प्रकार के पक्षपात की संभावना न रहे। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि नए सिरे से तैनात अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान केंद्रों पर निगरानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जाएगी। इस अचानक फेरबदल से दतिया पुलिस महकमे में हलचल है। थानों में नए प्रभारियों की तैनाती होते ही चुनाव संबंधी तैयारियां तेज हो जाएंगी। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए यह जरूरी कदम उठाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story