दतिया उपचुनाव : कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने दाखिल किया नामांकन

WhatsApp Channel Join Now
दतिया उपचुनाव : कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने दाखिल किया नामांकन


दतिया, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नाम निर्देशन पत्र जमा कर दिया है।

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सबसे पहले पीतांबरा पीठ पहुंचे और मां बगलामुखी के दर्शन किए। इसके बाद वे नामांकन दाखिल करने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक फूल सिंह बरैया, जिला अध्यक्ष अशोक दांगी सहित वरिष्ठ कांग्रेसजनों की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि हम चुनाव जीतेंगे। हमारी फाइट भाजपा से है। आजाद समाज पार्टी तो भाजपा की बी टीम है, उनको कोई वोट नहीं देगा। पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने कहा कि हम कांग्रेस को जिताएंगे।

बसपा नहीं लड़ रही दतिया उपचुनाव, सपा कांग्रेस के साथ

बसपा सुप्रीमो मायावती ने दतिया उपचुनाव से दूरी बनाते हुए मध्य प्रदेश इकाई को साल 2028 के विधानसभा चुनाव पर फोकस करने के निर्देश दिए हैं। पार्टी के एमपी प्रभारी राजाराम, प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल के साथ मिलकर कैडर मैनेजमेंट को मजबूत कर रहे हैं। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे इस अंचल में समाजवादी पार्टी 'इंडिया गठबंधन' के धर्म का पालन कर रही है। पार्टी इस उपचुनाव में अपना प्रत्याशी उतारने के बजाय कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह का खुला समर्थन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story