दतिया विधानसभा उपचुनावः गुरुवार प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा मतदान, सभी तैयारियां पूर्ण

WhatsApp Channel Join Now
दतिया विधानसभा उपचुनावः गुरुवार प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा मतदान, सभी तैयारियां पूर्ण


दतिया विधानसभा उपचुनावः गुरुवार प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा मतदान, सभी तैयारियां पूर्ण


दतिया/भोपाल, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 के तहत गुरुवार, 30 जुलाई को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े के निर्देशन में बुधवार को प्रातः 5 बजे पॉलीटेक्निक कॉलेज से 291 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी मतदान दल रवाना होकर अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं।

मतदान सामग्री वितरण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

36 सेक्टरों पर सेक्टर अधिकारियों के साथ चिकित्सा अधिकारी भी रहेंगे तैनात

दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेन्द्र सिंह कुशवाह द्वारा आदेश जारी कर दतिया विधानसभा के 36 सेक्टरों पर सेक्टर अधिकारियों के साथ चिकित्सा अधिकारी भी तैनात किए गए है।

स्वीप आइकॉन सारिका घारू ने मतदाताओं से की रिकॉर्ड वोटिंग की अपील

मतदान को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में स्वीप आईकॉन सारिका घारू ने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के प्रति अपना कर्तव्य निभाने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से पहली बार वोट डालने जा रहे युवा मतदाताओं से इस लोकतांत्रिक उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है।

सारिका ने बुधवार को कहा कि मौसम के मिजाज को देखते हुए सभी लोग सुबह के समय जल्द से जल्द मतदान केंद्र पहुंचें और दतिया में वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनाएं। मतदान केंद्र पर वोटर आईडी या निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य नीचे दिए गए 12 फोटो युक्त पहचान पत्रों में से किसी एक को दिखाकर अपना वोट डाल सकते हैं । आप बिना किसी प्रलोभन या डर के निष्पक्ष होकर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपने घरों से बाहर निकलें और मतदान करें। सारिका ने कहा कि वोटिंग के समय इन खास बातों का रखें ध्यान- दो बैलेट यूनिट मतदान केंद्र पर इस बार 2 बैलेट यूनिट होंगी। मतदाता अच्छी तरह से देखकर ही अपने पसंदीदा उम्मीदवार के सामने का बटन दबाएं। वीवीपेट पर्ची का मिलान बटन दबाने के बाद वीवीपेट मशीन में दिखने वाली स्क्रीन पर प्रिंटेड पर्ची को ध्यान से देखें और मिलान करें। इससे ईवीएम प्रक्रिया पर आपका भरोसा मजबूत रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story