दतिया विधानसभा उप चुनावः सामान्य एवं पुलिस प्रेक्षक ने मतदान केंद्रों एवं पॉलीटेक्निक कॉलेज का किया निरीक्षण
दतिया, 08 जुलाई (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा क्रमांक-22 के उप निर्वाचन हेतु नियुक्त सामान्य प्रेक्षक विजय भारती एवं पुलिस प्रेक्षक के थियागराजन ने बुधवार को निर्वाचन की तैयारियों के अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रेक्षकों ने मतदान केंद्रों पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, रैम्प, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, संचार सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
प्रेक्षकों द्वारा पॉलीटेक्निक कॉलेज में बनाये गए स्ट्रॉगरूम का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतों की गणना के लिए बनने वाले गणना कक्ष, प्रवेश एवं निकाष द्वार, सीसीटीव्ही कंट्रोल रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं को बारीकी से देखकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। प्रेक्षकों ने मतदान प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े, पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवार, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा, रिटर्निग ऑफीसर दतिया सोनाली राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सी-विजिल तथा ईएसएमएस ऐप का प्रशिक्षण सम्पन्न
दतिया विधानसभा उप निर्वाचन के दौरान आचार संहिता उल्लंघन की शिकायतों पर त्वरित, पारदर्शी तथा साक्ष्य-आधारित प्रभावी कार्यवाही करने के उद्देश्य से बुधवार को न्यू कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (एफएसटी) एवं स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) के सदस्यों को निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित सी-विजिल ऐप तथा ईएसएमएस ऐप का विस्तृत प्रशिक्षण अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र सिंह कुशवाहा की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में बताया गया कि सी-विजल ऐप के माध्यम से आम नागरिक चुनाव अवधि के दौरान आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत सीधे निर्वाचन आयोग तक भेज सकते हैं। नागरिक लाइव फोटो या दो मिनट तक का वीडियो लेकर अपलोड करते हैं, जिसमें ऐप स्वतः लोकेशन टैगिंग करता है और शिकायत को एक विशिष्ट आईडी के साथ जिला नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाता है। जिला नियंत्रण कक्ष द्वारा प्राप्त शिकायतों को पोर्टल के माध्यम से निकटतम एफएसटी या एसएसटी टीम को मैप‑व्यू पर भेजा किया जाता है, जिससे टीम तुरंत मौके पर भेजी जा सके। प्रशिक्षण में यह भी स्पष्ट किया गया कि शिकायत प्राप्त होने के पाँच मिनट के भीतर संबंधित टीम को सूचित किया जाएगा, 15 मिनट के भीतर टीम स्थल पर पहुँचेगी, 30 मिनट के भीतर तथ्य संकलित करेगी और 50 मिनट के भीतर रिपोर्ट रिटर्निंग ऑफिसर को भेजी जाएगी, ताकि कुल 100 मिनट के भीतर शिकायत का निस्तारण हो सके। एफएसटी एवं एसएसटी के सदस्यों का सि-विजल ऐप के इंटरफ़ेस, लॉग‑इन प्रक्रिया, ऑन‑ड्यूटी/ऑफ‑ड्यूटी स्टेटस सेटिंग, केस स्वीकार/अस्वीकार करने की प्रक्रिया, फील्ड रिपोर्ट तैयार करने, फोटो/वीडियो/दस्तावेज़ अटैच करने तथा न्यूनतम अक्षर सीमा के साथ संक्षिप्त टिप्पणी लिखकर रिपोर्ट सबमिट करने का लाइव डेमो दिखाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

