दमोह-संभागायुक्त ने अभियान समीक्षा में दिखाई सख्ती, समयबद्ध निराकरण पर दिया जोर
दमोह, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह में शुक्रवार को सागर संभागायुक्त अनिल सुचारी ने दो अलग-अलग बैठकों में प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए। उन्होंने ‘संकल्प से समाधान’ अभियान एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति का विभागवार आकलन किया और कार्यों में गति लाने पर बल दिया।
लंबित आवेदनों पर जताई नाराजगी‘संकल्प से समाधान’ अभियान की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने विभागवार प्राप्त आवेदनों, निराकरण की स्थिति तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। कुछ विभागों में लंबित मामलों की संख्या अधिक पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए कि सभी आवेदन निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से निपटाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, इसलिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक प्रकरणों का सकारात्मक और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
106 सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देशसंभागायुक्त ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 106 सेवाएं शामिल हैं, जिनका लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने क्लस्टर, विकासखंड और जिला स्तर पर सुव्यवस्थित कार्ययोजना बनाकर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निराकरण की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की चरणवार समीक्षाइसके पश्चात आयोजित बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जानकारी दी कि संभागायुक्त जिले के लिए रोल ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
संभागायुक्त ने अब तक पूर्ण किए गए तीनों चरणों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत संवेदनशील होते हैं, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ दायित्व निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

