दमोहः फसल कटाई करने जा रहे मजदूरों से भरा ऑटो पलटा, 7 लोग घायल
दमोह, 21 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में देहात थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत देवलाई गांव में शनिवार दोपहर मजदूरों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पुलिया पर पलट गया। इस हादसे में सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम सीतानगर से 10 मजदूर फसल कटाई के लिए बमूरा हार गांव जा रहे थे। इसी दौरान देवलाई की पुलिया पर पहुंचते ही ऑटो अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और निजी वाहनों व डायल 112 की मदद से सभी घायलों को दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ऑटो चालक की तलाश कर रही है, जो घटना के बाद से फरार है। यह ऑटो दिनेश नामदेव का बताया जा रहा है। हादसे में घायल हुए मजदूरों में विनीता पति कलू राजपाल, कुसुम रानी पति राजू खंगार, आशा रानी पति नन्हेंलाल राजपाल, मंजू पति बाबू जोशी, शशि कोरी पति लीला कोरी, श्याम रानी पति परशु जोशी और प्रभा राजपाल पति कमलेश राजपाल शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

