मप्र में डेढ़ वर्ष में दैनिक दुग्ध संकलन 8.73 लाख से बढ़कर 12 लाख किलोग्राम हुआ

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में डेढ़ वर्ष में दैनिक दुग्ध संकलन 8.73 लाख से बढ़कर 12 लाख किलोग्राम हुआ


- उन्नत नस्ल के पशुओं की संख्या लगभग दोगुनी

भोपाल, 13 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार ने आगामी पांच वर्षों में प्रदेश को “मिल्क कैपिटल” बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी दिशा में दुग्ध संकलन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले लगभग डेढ़ वर्ष में दैनिक दुग्ध संकलन 8.73 लाख किलोग्राम से बढ़कर जुलाई 2026 में लगभग 12 लाख किलोग्राम प्रतिदिन हो गया है।

जनसम्पर्क अधिकारी सुनील वर्मा ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 26 हजार दुग्ध सहकारी समितियां गठित करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि 21वीं पशु संगणना का एक महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि उन्नत नस्ल के पशुओं की संख्या 20वीं पशु संगणना की तुलना में लगभग दोगुनी हुई है। यह प्रदेश में नस्ल सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों का महत्वपूर्ण प्रमाण है।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि का प्रमुख आधार प्रति पशु उत्पादकता में वृद्धि है। भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार देशी एवं गैर-प्रमाणित मवेशियों की उत्पादकता वर्ष 2014-15 में 927 किलोग्राम प्रति पशु प्रतिवर्ष से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 1,343.2 किलोग्राम हुई है। इसी अवधि में भैंसों की उत्पादकता 1,880 से बढ़कर 2,365.2 किलोग्राम तथा गाय के दूध की औसत उत्पादकता 1,648 से बढ़कर 2,251 किलोग्राम प्रति पशु प्रतिवर्ष हुई है।

मध्य प्रदेश में प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता राष्ट्रीय औसत से अधिक

नस्ल सुधार, बेहतर पोषण, रोग नियंत्रण और वैज्ञानिक पशुपालन के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति दुग्ध उपलब्धता 550 ग्राम प्रतिदिन से बढ़कर 707 ग्राम प्रतिदिन हो गई है, जबकि राष्ट्रीय औसत 485 ग्राम प्रतिदिन है। यह प्रदेश में प्रति पशु उत्पादकता तथा दुग्ध उत्पादन क्षमता में हो रही वृद्धि को दर्शाता है।

योजनाओं से बढ़ रहा उन्नत नस्ल के पशुओं का प्रसार

विभाग द्वारा मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना, मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्नत नस्ल के पशुओं के प्रजनन एवं प्रसार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों द्वारा अन्य राज्यों से भी उन्नत नस्ल के पशु प्रदेश में लाए जा रहे हैं।

वैज्ञानिक पशुपालन और संतुलित आहार पर विशेष जोर

प्रति पशु दुग्ध उत्पादकता बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के माध्यम से लगभग 18 लाख परिवारों से संपर्क किया गया है। गोरस ऐप के माध्यम से पशुपालकों को संतुलित आहार एवं बेहतर पोषण के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही साइलेज के उत्पादन एवं उपयोग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत साइलेज उत्पादन से संबंधित नए प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं।

सेक्स सॉर्टेड सीमेन और कृत्रिम गर्भाधान पर जोर

नस्ल सुधार के लिए प्रदेश में सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक का उपयोग लगातार बढ़ाया जा रहा है। इससे लगभग 90 प्रतिशत बछिया पैदा होने की संभावना रहती है। वर्तमान में कुल कृत्रिम गर्भाधान का लगभग 20 प्रतिशत सेक्स सॉर्टेड सीमेन से किया जा रहा है। भोपाल स्थित केंद्रीय वीर्य केंद्र में गिर, साहिवाल, थारपारकर एवं मुर्रा जैसी उन्नत नस्लों के वीर्य का उत्पादन किया जा रहा है। वर्तमान में लगभग 5 लाख डोज प्रतिवर्ष उत्पादन किया जा रहा है तथा आगामी वर्षों में इसे और बढ़ाने का लक्ष्य है।

हिरण्यगर्भा अभियान के अंतर्गत वर्तमान वित्त वर्ष में 47.50 लाख कृत्रिम गर्भाधान का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विगत वर्ष लगभग 28 लाख कृत्रिम गर्भाधान किए गए थे, जबकि अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच ही 10.5 लाख से अधिक कृत्रिम गर्भाधान किए जा चुके हैं। आगामी पांच वर्षों में 50 प्रतिशत कवरेज का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story