मप्रः मुख्य सचिव ने धार में हितग्राहियों और सफल उद्यमियों से किया संवाद

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्य सचिव ने धार में हितग्राहियों और सफल उद्यमियों से किया संवाद


मप्रः मुख्य सचिव ने धार में हितग्राहियों और सफल उद्यमियों से किया संवाद


- सफलता की कहानियां सुनीं और किया प्रोत्साहित

भोपाल, 11 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिवअशोक बर्णवाल ने शुक्रवार को धार में ‘‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’’ के तहत आयोजित ‘‘यशस्वी संवाद एवं उद्यमी संवाद’’ कार्यक्रम में यशस्वी हितग्राहियों, उद्यमियों, प्रगतिशील किसानों और खेल प्रतिभाओं से प्रत्यक्ष संवाद किया।

मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने यशस्वी प्रतिभागियों की सफलता की कहानियां सुनीं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रत्यक्ष संवाद से आत्मनिर्भरता, स्थानीय उद्यमिता, नवाचार और रोजगार सृजन को प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही शासन और नागरिकों के बीच सहभागिता तथा विश्वास और अधिक सुदृढ़ होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा केवल अनुदान या ऋण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, उन्हें रोजगार देने वाला बनाना है। मध्य प्रदेश में एमपी एमएसएमई प्रोत्साहन योजना-2025 एवं एमपी स्टार्ट-अप योजना-2025 के माध्यम से नवाचार को विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस मौके पर विधायक नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेडा, अन्य जनप्रतिनिधि, सचिव मुख्यमंत्री डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

संवाद कार्यक्रम में उपस्थित यशस्वी उद्यमियों एवं कृषकों ने अपनी सफलता की कहानी साझा की

सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र सेप्रभांशु पंड्या, धार (उम्र 28 वर्ष, कोशल्यम लर्निंग सॉल्यूशन) ने सॉफ्टवेयर क्षेत्र में स्टार्ट-अप स्थापित कर 13 युवाओं को रोजगार एवं 50 लाख का टर्नओवर अर्जित करने और उन्हें पीएम एडमिनिस्ट्रेटर पुरस्कार के लिये नामांकित करने के बारे में जानकारी दी। इनके द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट विद एआई के दिए जा रहे प्रशिक्षण के बारे में भी अवगत कराया।

इस संवाद में हथकरघा एवं उद्यानिकी क्षेत्र में कार्यरत नेहा जायसवाल, मांडव ने ब्लॉक (बाग प्रिंट) एवं हथकरघा से महिला समूह की महिलाओं को 15 से 18 हजार रुपये प्रतिमाह आय से आत्मनिर्भर बनाने तथा लखन-मोहनलाल पाटीदार, रूपाखेड़ा ने पॉलीहाउस में गुलाब की खेती से 18 लाख प्रति एकड़ लाभ तथा लखन पाटीदार, तिलगारा ने ऑटोमेशन आधारित ब्लूबेरी खेती से 1000 वर्गमीटर में 4.50 लाख की आय अर्जित कर 23 किसानों को प्रेरित करने के बारे में बताया। प्रगतिशील कृषक संगीता भाभर, देवधा ने देशी बीज बैंक में 6 क्विंटल पारंपरिक बीजों का संरक्षण और 234 किसानों को बायो-इनपुट उपलब्ध कराने के बारे में विस्तार से बताया।

उद्यम संवाद में कपिल अग्रवाल, नकुल जोशी, दीपक भारती, बैडमिंटन खिलाड़ी सौरभ वर्मा, मेद्यावी छात्रा अंशिका सादलपुर, उद्योगपति जेतपुरा के मुजिबुर्रहमान, मलखंब खिलाड़ी जयपाल आदि ने भी अपनी सफलता की कहानी बताते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिय। रूपाखेड़ा के प्रगतिशील किसान लखन पाटीदार ने की जा रही फूलों की खेती के बारे में बताया और स्वयं द्वारा उत्पादित फूलों का गुलदस्ता भेंटकर मुख्य सचिव बर्णवाल एवं डॉ. खाड़े का स्वागत किया।

मुख्य सचिव बर्णवाल ने सभी यशस्वी उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि इनकी उपलब्धियां अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का सरलीकरण कर प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर ने जिले में संचालित एमएसएमई, औद्योगिक क्षेत्र निर्माण, नवीन रेलवे लाईन की प्रगति तथा जिले में औद्योगिक निवेश एवं स्थापित उद्योगों और उनमें सृजित रोजगार स्टार्ट-अप एवं स्वरोजगार मूलक योजनाओं की जानकारी दी।

विधायक नीना वर्मा एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, जिला अधिकारी सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, प्रतिभाशाली खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं प्रगतिशील किसान एवं योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story