मप्रः धनतेरस पर भोपाल के बाजारों में उमड़ी भीड़, देर रात तक जमकर हुई खरीदारी

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः धनतेरस पर भोपाल के बाजारों में उमड़ी भीड़, देर रात तक जमकर हुई खरीदारी


मप्रः धनतेरस पर भोपाल के बाजारों में उमड़ी भीड़, देर रात तक जमकर हुई खरीदारी


मप्रः धनतेरस पर भोपाल के बाजारों में उमड़ी भीड़, देर रात तक जमकर हुई खरीदारी


भोपाल, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में धनतेरस पर शुक्रवार को बाजारों में सुबह से शुरू हुई खरीदारी का सिलसिला शाम होते-होते और तेज हो गया। लोग देर रात तक खरीदी करते नजर आए। शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। कोई सोने-चांदी के सिक्के खरीद रहा है तो कोई घर के लिए नए बर्तन, टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन ले रहा है।

इस बार बाजार में एक खास बदलाव दिखाई दे रहा है। सोने की कीमतों के बीच ग्राहक भारी गहनों के बजाय हल्की ज्वेलरी और कम वजन के सिक्कों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं, बर्तन बाजार में कांसे की थालियों और पीतल के पूजा बर्तनों की मांग बढ़ी है। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, इस बार धनतेरस पर भोपाल में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो सकता है।

धनतेरस पर वाहन बाजार में भी जबरदस्त रौनक है। भोपाल में करीब 2500 कारों की बिक्री और 7000 से ज्यादा दोपहिया वाहनों की डिलीवरी का अनुमान है। शहर के 20 से अधिक बड़े कार शोरूम में करीब एक महीने पहले से ही बुकिंग शुरू हो गई थी। कई ग्राहकों ने अपनी पसंद की गाड़ियां पहले ही बुक करा ली हैं।

भोपाल ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष पांडे के मुताबिक, इस बार दोपहिया वाहनों की बिक्री में करीब पांच प्रतिशत तक बढ़ोतरी की उम्मीद है। बाइक और स्कूटर के साथ इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग भी बढ़ रही है। कई ग्राहक धनतेरस के शुभ मुहूर्त में ही नई गाड़ी घर ले जाना चाहते हैं।

धनतेरस पर पुराने भोपाल के चौक बाजार स्थित सराफा बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी हुई है। सोना-चांदी खरीदने के लिए लोग परिवार के साथ पहुंच रहे हैं। श्री सराफा एसोसिएशन चौक के सचिव अखिलेश मित्तल के मुताबिक, इस दिवाली सीजन में भोपाल का सोना-चांदी कारोबार 150 करोड़ रुपये के पार पहुंचने की उम्मीद है। पिछले साल यह कारोबार करीब 100 से 125 करोड़ रुपये के बीच रहा था।

कारोबारी राजेश अग्रवाल के मुताबिक, कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण ग्राहक खरीदारी का बजट ध्यान में रख रहे हैं। भारी गहनों के बजाय एक, दो और तीन ग्राम की हल्की ज्वेलरी और चांदी के सिक्कों की मांग ज्यादा है। कई ग्राहक पहले से गहने बुक कराकर धनतेरस के शुभ मुहूर्त में डिलीवरी ले रहे हैं।

पुराने भोपाल के पीर गेट स्थित बर्तन बाजार में भी अच्छी ग्राहकी है। यहां स्टील के बर्तनों के साथ पीतल, तांबे और कांसे के बर्तनों की खरीदारी हो रही है। इस बार कांसे की थाली के सेट और पूजा के लिए पीतल व तांबे की थालियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं। बर्तन कारोबारी अशोक तेजवानी के मुताबिक, पारंपरिक बर्तनों की मांग फिर बढ़ी है। लोग खाने के लिए कांसे की थाली और पूजा के लिए पीतल व तांबे के बर्तन खरीद रहे हैं।

टीवी से लेकर स्मार्ट वॉशिंग मशीन तक की मांग

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी धनतेरस की रौनक है। टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव और मोबाइल फोन की खरीदारी हो रही है। घरेलू उपकरणों के कारोबारी सुनील कुमार के मुताबिक, 32 से 75 इंच तक के टीवी की मांग है। इसके अलावा अलग-अलग क्षमता वाले फ्रिज और स्मार्ट तकनीक वाली वॉशिंग मशीन भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। शोरूम में छूट, एक्सचेंज और किस्तों की सुविधा से ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं।

इन बाजारों में भी उमड़ी भीड़

न्यू मार्केट में कपड़े, ज्वेलरी, गिफ्ट आइटम, सजावटी सामान, डिजाइनर लाइटिंग और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी हो रही है। त्योहार के चलते दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। दस नंबर मार्केट: फैशन, कपड़े, कॉस्मेटिक्स, एक्सेसरीज, इलेक्ट्रिक और सजावटी सामान की दुकानों पर रौनक है। यहां प्रीमियम सामान खरीदने वाले ग्राहक भी पहुंच रहे हैं।

वहीं, बिट्टन मार्केट में घरेलू जरूरतों के सामान, सजावटी उत्पादों और त्योहार से जुड़ी खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। एमपी नगर में मोबाइल, टीवी, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों के शोरूम में ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। जुमेराती में किराना, पूजा सामग्री और दीपावली की थोक व फुटकर खरीदारी के लिए ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है।

मिट्टी के दीये और डिजाइनर लाइटिंग का भी क्रेज

घर को सजाने के लिए इस बार पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ डिजाइनर लैंप, एलईडी झालरें, मोमबत्तियां, बंदनवार और कृत्रिम फूलों की मालाएं खरीदी जा रही हैं। चौक और न्यू मार्केट में सजावटी सामान की दुकानों पर अलग-अलग बजट में विकल्प उपलब्ध हैं। स्थानीय कुम्हारों के बनाए मिट्टी के दीयों की भी मांग है।

व्यापारियों को पिछले साल से 20 प्रतिशत ज्यादा कारोबार की उम्मीद

भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सचिव अजय देवानी के मुताबिक, नवरात्रि से ही बाजार में खरीदारी का माहौल बनने लगा था। पूजा सामग्री से लेकर ज्वेलरी, मिठाई और बर्तनों तक सभी श्रेणियों में ग्राहक पहुंच रहे हैं। दीपावली के आसपास वेतन और बोनस मिलने के साथ शादी के सीजन की खरीदारी भी बाजार को रफ्तार दे रही है। उनका अनुमान है कि इस बार धनतेरस पर कारोबार पिछले साल के मुकाबले कम से कम 20 प्रतिशत बढ़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773675 Articles

Share this story