अनूपपुर: स्मैक के साथ चार गिरफ्तार, कार-मोबाइल जब्त

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: स्मैक के साथ चार गिरफ्तार, कार-मोबाइल जब्त


अनूपपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चचाई थाना पुलिस ने जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर चार स्मैक कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 34 पुड़िया स्मैक बरामद की गई, जिसका कुल वजन 5.67 ग्राम और अनुमानित कीमत 30 हजार रुपए बताये जा रही है।

थाना प्रभारी सुंद्रेश सिंह मरावी ने बुधवार को बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमलाई से चचाई होते हुए अनूपपुर की ओर एक कार में अवैध मादक पदार्थ स्मैक ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कार ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर बाबा कुटी मंदिर के पास झाड़ियों की ओर गाड़ी को घेरकर पकड़ा जिसमे चार लोग 35 वर्षीय हरिकेश सिंह उर्फ मंत्री निवासी तहसील के पीछे अनूपपुर, 36 वर्षीय राकेश कुशवाहा निवासी पुरानी बस्ती रोड अनूपपुर, 25 वर्षीय संग पटेल निवासी पुरानी बस्ती अनूपपुर और 27 वर्षीय आकाश पटेल निवासी खोली थाना चचाई अनूपपुर सवार थे। वाहन की तलाशी के दौरान संग पटेल के पास से 34 पुड़िया स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शहडोल से स्मैक खरीदकर अनूपपुर में संगठित रूप से बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4,940 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और एक कार क्रमांक सीजी 04 एलपी 9997 भी जब्त किया जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 12 हजार 90 रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और 112(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों से स्मैक खरीदी गई थी, उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहांसे जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story