भोपाल: गिट्टी से भरे डंपर ने बीएससी छात्र काे कुचला, माैत, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: गिट्टी से भरे डंपर ने बीएससी छात्र काे कुचला, माैत, चालक फरार


भोपाल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर क्षेत्र में बुधवार–गुरुवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंपर ने बीएससी के एक छात्र को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।

राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल छात्र को एम्बुलेंस के जरिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया। मृतक की शिनाख्त गुरुवार सुबह परिजनों ने की। दोपहर में पाेस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर लिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी अनुसार हादसा रात करीब 12:15 बजे हुआ। मृतक की पहचान 21 वर्षीय सूजल मुंडा, पुत्र तोनाराम मुंडा के रूप में हुई है। वह भोपाल मेमोरियल अस्पताल (बीएमएचआरसी) परिसर में अपने परिवार के साथ रहता था। उसके पिता बीएमएचआरसी में कर्मचारी हैं। सूजल एक निजी कॉलेज से बीएससी फॉरेंसिक साइंस के फाइनल ईयर का छात्र था। बुधवार देर रात वह अयोध्या नगर में दोस्त के घर से खाना खाकर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह भानपुर ब्रिज के पास पहुंचा, पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया। हादसे के समय सूजल के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं थे, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। वह कॉलेज की ड्रेस में था, इसी आधार पर गुरुवार सुबह पुलिस ने संबंधित कॉलेज से संपर्क किया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी जा सकी।

परिवार का इकलौता बेटा था सूजल

सूजल के क्लासमेट रोहित पटेल ने बताया कि वह अपनी बहन के बाद परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन अस्पताल में बदहवास नजर आए।

डंपर जब्त, चालक की तलाश जारी

पुलिस ने दुर्घटनास्थल से डंपर को जब्त कर थाने में खड़ा कर लिया है। डंपर में गिट्टी भरी हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। यह हादसा एक होनहार छात्र की असमय मौत के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story