मप्रः बैतूल में 50 करोड़ से बनेगा क्रिकेट ग्राउंड, 20 करोड़ का ऑडिटोरियम भी होगा तैयार

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः बैतूल में 50 करोड़ से बनेगा क्रिकेट ग्राउंड, 20 करोड़ का ऑडिटोरियम भी होगा तैयार


मप्रः बैतूल में 50 करोड़ से बनेगा क्रिकेट ग्राउंड, 20 करोड़ का ऑडिटोरियम भी होगा तैयार


- ट्रेंचिंग ग्राउंड शिफ्ट होने के बाद 10 एकड़ जमीन पर विकसित होगा क्रिकेट मैदान

बैतूल, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए पेयजल, खेल, सांस्कृतिक सुविधाओं और नगरीय अधोसंरचना के विस्तार की योजनाओं पर काम किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए नगर पालिका भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में शहर के आगामी विकास की रूपरेखा साझा की।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा बैतूल नगर पालिका को पेयजल व्यवस्था के लिए 50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है। इस राशि से नया फिल्टर प्लांट और पाइपलाइन विकसित करने की योजना है। इसके अलावा बैतूल में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ऑडिटोरियम तथा 50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिकेट ग्राउंड विकसित किया जाएगा

बढ़ती आबादी के अनुरूप बनेगा आधुनिक नगर पालिका भवन

खंडेलवाल ने कहा कि लगभग 200 वर्ष पुरानी नगर पालिका का वर्तमान भवन शहर की बढ़ती आबादी और प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। बैतूल की आबादी में लगातार वृद्धि हुई है और आसपास के क्षेत्र भी शहर के रूप में विकसित हो रहे हैं। इसी को देखते हुए दो करोड़ रुपये की लागत से मल्टीस्टोरी नगर पालिका भवन बनाया जाएगा। इसमें नागरिकों, पार्षदों, अध्यक्ष, कर्मचारियों अधिकारियों के लिए व्यवस्थित बैठने और कार्य करने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन का निर्माण लगभग एक से डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है।

50 करोड़ से बनेगा नया इंटेकवेल, बिछेगी नई पाइपलाइन

विधायक खंडेलवाल ने लगभग 10-12 वर्ष पहले शहर में गंभीर जल संकट की स्थिति बनी थी और हजारों ट्यूबवेल सूख गए थे। इसके बाद लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से ताप्ती नदी से पानी लाने की परियोजना विकसित की गई। अब शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुसार नए फिल्टर प्लांट और पाइपलाइन की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसके लिए नगर पालिका को 50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।

20 करोड़ से बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम

खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल में बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक ऑडिटोरियम की आवश्यकता है। वर्तमान में बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त सुविधायुक्त सभागार उपलब्ध नहीं है। इसी को देखते हुए लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से भोपाल और इंदौर की तर्ज पर आधुनिक ऑडिटोरियम विकसित किया जाएगा। इससे शहर में बड़े कार्यक्रमों, सम्मेलनों और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

10 एकड़ जमीन पर 50 करोड़ से बनेगा क्रिकेट ग्राउंड

उन्होंने बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड शिफ्ट होने के बाद खाली होने वाली लगभग 10 एकड़ जमीन पर 50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिकेट ग्राउंड विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बैतूल के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही वर्तमान स्टेडियम का उन्नयन तथा फुटबॉल के लिए टर्फ विकसित किया जाएगा। इससे क्रिकेट, फुटबॉल सहित अन्य खेलों को प्रोत्साहन मिलेगा।

बैतूल सिंचाई, सड़क, उद्योग और पर्यटन सहित हर क्षेत्र में बनेगा अग्रणी: खंडेलवाल

बडोरा कृषि उपज मंडी में लगातार बढ़ती कृषि उपज की आवक और वाहनों के दबाव से उत्पन्न जाम की समस्या से अब किसानों एवं आम नागरिकों को राहत मिलेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को बडोरा मंडी से तितली चौराहा तक लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। लगभग 6.91 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क सीधे नेशनल हाईवे 47 से जुड़ेगी। इससे मंडी में आने-जाने वाले किसानों, व्यापारियों और मालवाहक वाहनों को शहर के भीतर से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी तथा बडोरा में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।

कार्यक्रम में खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल जिले को सिंचाई, सड़क, उद्योग, पर्यटन और खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी बनेगा। जिले में कृषि उत्पादन और सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही मंडी में अनाज की आवक भी बढ़ी है। वर्ष 2021 में मंडी में लगभग 48 लाख क्विंटल अनाज की आवक होती थी, जो अब बढ़कर 58 लाख क्विंटल हो गई है। पांच वर्षों में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि के चलते वर्तमान मंडी में जगह की कमी और यातायात का दबाव बढ़ा है। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए मंडी को हाईवे से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए मार्ग में आने वाले किसानों ने स्वेच्छा से अपनी जमीन देने की सहमति दी है तथा किसी प्रकार का मुआवजा नहीं लेने की सहमति भी दी है। किसानों के इस सहयोग से ही सड़क निर्माण का रास्ता प्रशस्त हुआ है। लगभग 30 से 40 फीट चौड़ी यह सड़क आगामी तीन से चार माह में तैयार करने का लक्ष्य है। इससे मंडी के आसपास ट्रकों की कतारों और यातायात के दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी तथा किसानों को अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचने में परेशानी नहीं होगी।

मंडी में किसानों के हित सर्वोपरि, उसी दिन भुगतान के निर्देश

खंडेलवाल ने मंडी में किसानों की सुविधाओं और तुलाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसानों की उपज का एक रुपये का भी नुकसान नहीं होना चाहिए। किसानों को उनकी उपज का भुगतान उसी दिन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने व्यापारियों से आपसी सहयोग के साथ इस व्यवस्था को लागू करने का आग्रह किया। साथ ही हमाल बंधुओं से निर्धारित दर पर ही तुलाई करने और किसानों से किसी भी प्रकार की अनियमित वसूली नहीं होने के निर्देश मंडी प्रशासन को दिए।

उन्होंने मंडी प्रशासन एवं एसडीएम को निर्देश दिए कि फर्श पर उपज के ढेर लगाकर तुलाई करने के स्थान पर सीधे ट्रॉली से तुलाई की व्यवस्था लागू करने की संभावनाओं पर तत्काल अमल किया जाए। स्वचालित तुलाई मशीन की व्यवस्था का परीक्षण कराने की बात भी कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story