दिव्यांग खिलाड़ियों का साहस और आत्मविश्वास समाज के लिए प्रेरणास्रोत: मंत्री कुशवाह

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांग खिलाड़ियों का साहस और आत्मविश्वास समाज के लिए प्रेरणास्रोत: मंत्री कुशवाह


- 8वीं पैरा सीनियर नेशनल व्हीलचेयर रग्बी चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, कुशवाह ने देशभर से आए खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

ग्वालियर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में गुरुवार को ग्वालियर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र में 8वीं पैरा सीनियर नेशनल व्हीलचेयर रग्बी चैंपियनशिप–2026 के भव्य उदघाटन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों का अदम्य साहस, आत्मविश्वास, संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा और जज्बा यह साबित करता है कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती।

मंत्री कुशवाह ने देश के विभिन्न राज्यों से प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे दिव्यांग खिलाड़ियों से आत्मीय परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, समानता, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम भी है। दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर, प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कुशवाह ने कहा कि सरकार दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां युवा पीढ़ी को चुनौतियों से लड़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देंगी।

मंत्री कुशवाह ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया तथा उपस्थित खिलाड़ियों एवं जनसमुदाय को संबोधित किया। यह प्रतियोगिता व्हीलचेयर रग्बी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया, सेज ग्रुप यूनिवर्सिटी के उपाध्यक्ष रुपेश गोरखे, अर्जुन अवॉर्ड विजेता कपिल परमार, व्हीलचेयर रग्बी फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं आयोजक विवेक सिंह परिहार, पैरा वॉलीबॉल स्पोर्ट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन मध्यप्रदेश के अध्यक्ष संतोष गुप्ता, व्हीलचेयर रग्बी फेडरेशन मध्यप्रदेश के जनरल सेक्रेटरी डॉ. अनिल अग्रहरि तथा डॉ. अंजलि रायज्यादा, राजेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथिगण, खेलप्रेमी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story