मप्र: मंत्रिपरिषद के फैसलों पर भाजपा किसान मोर्चा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: मंत्रिपरिषद के फैसलों पर भाजपा किसान मोर्चा ने जताया मुख्यमंत्री का आभार


जयपाल सिंह चावड़ा बोले-किसानों के हित, सिंचाई, अधोसंरचना और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है भाजपा सरकार

भोपाल, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने मंगलवार को मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद द्वारा किसानों, सिंचाई, अधोसंरचना विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न निर्णयों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों, महिलाओं और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चावड़ा ने कहा कि मंत्रिपरिषद द्वारा मूंग उपार्जन के लिए 1,587 करोड़ रुपये की निःशुल्क शासकीय प्रत्याभूति उपलब्ध कराने का निर्णय किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार इससे समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी और किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होता रहेगा।

उन्होंने बताया कि मंत्रिपरिषद ने राजगढ़ की कुण्डालिया वृहद सिंचाई परियोजना को वर्ष 2031 तक जारी रखने के लिए 245.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है। उनके अनुसार इस परियोजना से राजगढ़ और आगर-मालवा जिले के लगभग 1.39 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित होगी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चावड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को भी प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए 10,800 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। उनका कहना था कि इन निर्णयों से प्रदेश के सभी क्षेत्रों और विभिन्न वर्गों को विकास का लाभ मिलेगा।

टेक-होम राशन व्यवस्था में बदलाव का स्वागत

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने मंत्रिपरिषद के उस निर्णय का भी स्वागत किया, जिसके तहत टेक-होम राशन के उत्पादन एवं वितरण की व्यवस्था महिला एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि अंतरिम व्यवस्था के रूप में स्व-सहायता समूहों के माध्यम से पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराने का निर्णय महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा पोषण आहार की गुणवत्ता बनाए रखने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चावड़ा ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्रिपरिषद के ये निर्णय किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा प्रदेश के समग्र विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story