मप्र: कांग्रेस सेवादल का 24 घंटे का सत्याग्रह-उपवास आंदोलन गुरुवार को

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: कांग्रेस सेवादल का 24 घंटे का सत्याग्रह-उपवास आंदोलन गुरुवार को


भाेपाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सेवादल द्वारा 24 घंटे का सत्याग्रह एवं उपवास आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम गुरुवार, 23 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे से शुरू होकर शुक्रवार, 24 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे तक रोशनपुरा स्थित जवाहर भवन में चलेगा।

कांग्रेस मीडिया प्रदेश प्रभारी मुकेश नायक ने बुधवार काे जानकारी देते हुए बताया कि यह आंदोलन लाल जी देसाई और जीतू पटवारी के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। सेवादल का कहना है कि प्रदेश के किसान समर्थन मूल्य, फसल खरीदी में अनियमितता, भुगतान में देरी और प्रशासनिक उपेक्षा जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनके समाधान के लिए यह अहिंसात्मक आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलन में सेवादल, महिला सेवादल और यंग ब्रिगेड सेवादल के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष अपने-अपने कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होंगे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के सेवादल वर्दी में भाग लेने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश मुख्य संगठक अवनीश भार्गव ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। सेवादल का कहना है कि यह सत्याग्रह किसानों की आवाज को मजबूत करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से दबाव बनाने का प्रयास है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story