मप्र: कांग्रेस की अहम समीक्षा बैठक व प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: कांग्रेस की अहम समीक्षा बैठक व प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर


भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय ‘इंदिरा भवन’ में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से उज्जैन संभाग के जिला अध्यक्षों की संगठनात्मक समीक्षा बैठक एवं विधानसभा प्रभारियों की प्रशिक्षण कार्यशाला बुुधवार काे आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना और आगामी राजनीतिक रणनीति को धार देना रहा।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त ने जिला अध्यक्षों द्वारा किए जा रहे संगठनात्मक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी अभियानों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद आयोजित विधानसभा प्रभारियों की प्रशिक्षण कार्यशाला को हरीश चौधरी, जीतू पटवारी, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल और सह प्रभारी रणविजय सिंह लोचव ने संबोधित किया।

कार्यशाला में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, संगठन महासचिव संजय कामले, प्रशिक्षण विभाग प्रभारी महेंद्र जोशी, मतदाता सूची प्रभारी ललित सेन और आनंद जाट सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ हुआ।

“विधानसभा प्रभारी संगठन की रीढ़” – जीतू पटवारी

बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि जिला अध्यक्षों और विधानसभा प्रभारियों के कार्यों की गहन समीक्षा के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विधानसभा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार प्रवास करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पंचायत स्तर पर कांग्रेस कमेटियों का सत्यापन, नियमित बैठकें आयोजित करने और “सृजन संवाद” के माध्यम से संगठन को बूथ और ग्राम स्तर तक मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पटवारी ने कहा, “विधानसभा प्रभारी संगठन की रीढ़ की हड्डी हैं। इन्हीं के माध्यम से कांग्रेस की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंचेगी।” उन्होंने बताया कि 230 विधानसभा प्रभारियों का चयन पूरी सावधानी से उनकी वैचारिक पृष्ठभूमि और कार्यक्षमता को देखते हुए किया गया है।

कार्यों का मूल्यांकन और निगरानी तंत्र

उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्षों के कार्यों का मूल्यांकन राष्ट्रीय पदाधिकारी चाल्ला वामशी चंद रेड्डी द्वारा पिछले छह महीनों के प्रदर्शन और तय मानकों के आधार पर किया गया है। इसके साथ ही ‘कनेक्ट सेंटर’ के माध्यम से लगातार निगरानी की व्यवस्था भी की गई है। पटवारी ने स्पष्ट कहा कि “पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। बिना कार्य के किसी पद का कोई अर्थ नहीं।”

कांग्रेस की विचारधारा और राजनीतिक संदेश

उन्होंने कहा कि बैठक की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान के साथ की गई, जो कांग्रेस की राष्ट्रभक्ति और विचारधारा को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने देश के लिए बड़े बलिदान दिए हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग राष्ट्रवाद की बात करते हैं, वे कांग्रेस के योगदान और इतिहास को नहीं समझते। उन्होंने दोहराया कि पार्टी का लक्ष्य संगठन को पंचायत और गांव स्तर तक मजबूत करना है, क्योंकि मजबूत संगठन ही मजबूत लोकतंत्र की नींव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story