मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाया पेंशन और कन्यादान योजना पर असंवेदनशील होने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाया पेंशन और कन्यादान योजना पर असंवेदनशील होने का आरोप


भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य की भाजपा सरकार पर गरीबों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों की योजनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ महीनों से हितग्राहियों तक नहीं पहुंच रहा, जो सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

जीतू पटवारी ने रविवार काे अपने बयान में आरोप लगाया कि प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और विधवा पेंशन करीब पांच महीनों से लंबित हैं। उनका कहना है कि जिन बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं के लिए यह राशि जीवन-निर्वाह का प्रमुख सहारा है, उन्हें ही समय पर भुगतान नहीं मिल रहा। सरकार चुनाव और प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन गरीबों के अधिकार का पैसा रोककर रखती है, जो बेहद अमानवीय है।

कन्या विवाह योजना को कमजोर करने का आरोप

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह याेजना को भी लगभग समाप्त करने की स्थिति में पहुंचा दिया है। उनके अनुसार अब एक जिले में केवल 200 कन्याओं के विवाह कराने की सीमा तय की जा रही है। जिन जिलों में आठ विधानसभा क्षेत्र हैं, वहां प्रत्येक क्षेत्र में लगभग 25 कन्याओं के विवाह कराने की योजना बनाई जा रही है। इससे योजना का मूल उद्देश्य प्रभावित होगा और कई गरीब परिवार इस सहायता से वंचित रह जाएंगे।

उत्तर प्रदेश से की तुलना

पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि जहां उत्तर प्रदेश में कन्यादान योजना के तहत गरीब बेटियों के विवाह के लिए लगभग एक लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है, वहीं मध्य प्रदेश में इस योजना को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक ओर गरीबों की पेंशन और बेटियों की योजनाओं में कटौती की जा रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री की हवाई यात्राओं पर प्रतिदिन लगभग 21 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने मांग की कि राज्य सरकार तुरंत सभी लंबित सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करे और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को उसके मूल स्वरूप में लागू रखते हुए अधिक से अधिक जरूरतमंद बेटियों को इसका लाभ दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story