कांग्रेस तथ्यहीन आरोपों से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है: मंत्री विश्वास सारंग
मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मीडिया से की चर्चा
भोपाल, 04 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को राजधानी भाेपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं को सुना और मौके पर कई मामलों का समाधान किया। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र निवारण के निर्देश दिए गए।
इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री सारंग ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्हाेंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस नेता सुर्खियों में बने रहने के लिए असत्य और तथ्यहीन बयान देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, झूठ और फरेब की राजनीति कांग्रेस की पुरानी आदत रही है, जिसे जनता अब भली-भांति समझ चुकी है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक सम्मान
मंत्री सारंग ने अमेरिका के साथ हाल ही में हुई ट्रेड डील का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और निर्णय क्षमता का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस डील से भारत के लिए नए व्यापारिक अवसर खुलेंगे और देश वैश्विक मंच पर सशक्त अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित होगा। मंत्री सारंग ने कहा, प्रधानमंत्री ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनके लिए देश और जनता का हित सर्वोपरि है। अमेरिका के साथ हुई डील से भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
मध्य प्रदेश सरकार पूर्ण आर्थिक अनुशासन का पालन कर रही है
सारंग ने कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा प्रदेश के कर्ज को लेकर लगाए गए आरोपों को भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार आर्थिक अनुशासन का पालन करते हुए कार्य कर रही है और राज्य द्वारा लिया गया कर्ज पूंजीगत व्यय के लिए उपयोग किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का भ्रम फैलाना और गैर-जिम्मेदाराना बयान देना उनकी आदत बन गई है। कांग्रेस संगठन आंतरिक कलह और अव्यवस्था से जूझ रहा है। उन्हें पहले अपने संगठन को संभालना चाहिए।
राहुल गांधी के व्यवहार की निंदा
मंत्री सारंग ने राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के साथ किए गए व्यवहार की भी निंदा की। उन्होंने कहा, यह अत्यंत निंदनीय और अपमानजनक है। कांग्रेस नेताओं की इस मानसिकता से देश के शहीदों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता का अभाव उजागर होता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

