मप्र: कांग्रेस संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम, 10 जिलों की नई कार्यकारिणी घोषित
सीधी, मंदसौर, रायसेन, नर्मदापुरम सहित कई जिलों में संगठनात्मक नियुक्तियां जारी
भोपाल, 21 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की गई हैं।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा सीधी, मंदसौर, रायसेन, नर्मदापुरम, नीमच, उज्जैन ग्रामीण, सागर शहर, पन्ना, टीकमगढ़ एवं गुना जिलों की नवीन कार्यकारिणी जारी कर दी गई है। इन नियुक्तियों का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करना, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहितैषी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले ने गुरुवार काे जानकारी देते हुए बताया कि नवगठित कार्यकारिणी में अनुभवी, समर्पित और सक्रिय कांग्रेसजनों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे और कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।
डॉ. कामले ने बताया कि प्रदेश के लगभग सभी जिलों में संगठनात्मक नियुक्तियों की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शेष जिलों की कार्यकारिणी भी आगामी दिनों में घोषित कर दी जाएगी। प्रदेश नेतृत्व का लक्ष्य संगठन को प्रत्येक जिले, ब्लॉक एवं बूथ स्तर तक सक्रिय और प्रभावी बनाना है।
उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ संगठन हित में कार्य करेंगे तथा कांग्रेस की नीतियों और जनसरोकारों को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

