मप्र: किसानों के समर्थन में कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 7 मई को महाराष्ट्र से राजस्थान बॉर्डर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर महाचक्का जाम
भाेपाल, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को बुधनी में आयोजित किसान आक्रोश सत्याग्रह में केंद्र और राज्य सरकार पर किसानों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश से ही देश के केन्द्रीय कृषि मंत्री आते हैं, इसके बावजूद प्रदेश के किसानों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जीतू पटवारी ने कहा कि किसानों को खाद की कमी, समर्थन मूल्य पर खरीदी में अव्यवस्था, बारदाने की किल्लत, स्लॉट बुकिंग में गड़बड़ी और भूमाफियाओं द्वारा जमीन कब्जाने जैसी गंभीर समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर “किसान कल्याण वर्ष” के नाम पर प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर किसान कर्ज में डूबा हुआ है और अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहा है।
उन्होंने मोहन यादव सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि गेहूं पर 2700 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य देने का वादा किया गया था, लेकिन किसानों से 1800 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी हो रही है। यह किसानों के परिश्रम के साथ अन्याय है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के दावों पर भी निशाना साधते हुए पटवारी ने कहा कि किसानों की आय कई गुना बढ़ाने के दावे जमीनी हकीकत से दूर हैं, जिसका उदाहरण उनके गृह क्षेत्र बुधनी में देखा जा सकता है।
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 7 मई को महाराष्ट्र बॉर्डर से राजस्थान बॉर्डर तक आगरा-बॉम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग पर महाचक्का जाम किया जाएगा। यह आंदोलन सेंधवा, बड़वानी, खरगोन, धार, देवास, शाजापुर, गुना, राजगढ़, शिवपुरी, मुरैना और ग्वालियर सहित कई जिलों में एक साथ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों का मुद्दा किसी दल या विचारधारा से ऊपर है और कांग्रेस पार्टी अन्नदाताओं के सम्मान और उनके अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में विधायक सचिन यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, राजकुमार पटेल, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरसी और एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

