इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए शर्तों के साथ मिली अनुमति, कांग्रेस ने जमा किए 10 लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए शर्तों के साथ मिली अनुमति, कांग्रेस ने जमा किए 10 लाख रुपये


इंदौर, 11 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आयोजन के लिए कांग्रेस को रीजनल पार्क मैदान की अनुमति इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने दे दी है, लेकिन इसके लिए 10 लाख 8 हजार रुपये की राशि जमा करने के लिए कहा है। इस आयोजन के लिए 50 हजार वर्गफीट जमीन कार्यक्रम के लिए दी गई है।

किराए के साथ डेढ़ लाख रुपये जीएसटी की राशि भी जोड़ी गई है। आयोजकों को तीन दिन के लिए जमीन सौंपी गई है। इसके अलावा यह शर्त भी रखी गई है कि आयोजन के लिए दूसरे विभागों से भी अनापत्ति लेना होगी और सुरक्षा का ध्यान भी रखना होगा।

इंदौर विकास प्राधिकरण ने इसके लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे को एक पत्र भेजा। इसमें कहा गया कि रीजनल पार्क के सामने 50 हजार वर्गफीट भूमि तीन दिन के लिए दी गई है। अफसरों ने 50 हजार वर्गफीट जमीन के लिए अस्थायी लीज के लिए 2 लाख 84 हजार रुपये प्रति दिन के हिसाब से तय किए हैं। तीन दिन के लिए यह राशि 8 लाख 52 हजार रुपये हो गई और डेढ़ लाख रुपये जीएसटी के जोड़े गए। इस तरह 10 लाख 8 हजार रुपये की राशि मांगी गई। पत्र में पैसा जमा करने के बाद ही अनुमति जारी करने की बात कही।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि राशि जमा कर दी गई है। हमने 17, 18 और 19 सितंबर के लिए मैदान किराए पर लिया है। हमने आरटीजीएस के माध्यम से आईडीए के खाते में राशि जमा की है। हमें लगता है कि अब अनुमति को लेकर कोई समस्या नहीं होगी। मंगलवार को आधिकारिक रूप से अनुमति मिल जाएगी।

शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के घर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की मौजूदगी में कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम स्थल के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) को 10 लाख 8 हजार एक सौ 75 रुपये जमा करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस पहले ही इस मैदान के लिए आवेदन कर चुकी थी। कांग्रेस अपने कार्यक्रम के लिए इस आयोजन स्थल को भारत जोड़ो मैदान नाम देगी।

बैठक में कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने पर जोर दिया गया। इसके लिए कांग्रेस की ओर से सुबह से रात तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story