मप्रः खनन पट्टे के निष्पादन के लिए अनुपालन संबंधी समिति गठित
भोपाल, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में खनिज नीलामी खनिपट्टा एवं समेकित अनुज्ञप्ति के लिये नीलाम किये गये खनिज ब्लॉक के खनन पट्टे के निष्पादन संबंधी चरणों को पूरा करने के लिए समय-सीमा अनुपालन के लिए राज्य शासन द्वारा समिति का गठन किया गया है।
जनसम्पर्क अधिकारी राजेश बैन ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि समिति में संचालक, संचालनालय भौमिक तथा खनिकर्म, भोपाल को अध्यक्ष बनाया गया है। क्षेत्रीय खान नियंत्रण, भारतीय खान ब्यूरो जबलपुर, राजस्व विभाग, वन विभाग, पर्यावरण विभाग और वित्त विभाग द्वारा नामांकित अधिकारी सदस्य होंगे। प्रभारी अधिकारी (ऑक्शन) संचालनालय, भौमिकी तथा खनिकर्म भोपाल को सदस्य-सचिव नामित किया गया है।
उन्होंने बताया कि समिति खनिपट्टे एवं समेकित अनुज्ञप्ति में समस्त कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किये जाने की समीक्षा एवं कार्यवाही करेगी। उपरोक्त समिति खनिपट्टे एवं समेकित अनुज्ञप्ति में अनुसूची 6 एवं 7 में दर्शायी गयी समय-सीमा के अनुपालन की समीक्षा करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

