प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के कार्यों को 15 अगस्त तक करें पूर्ण: संभागायुक्त शर्मा
- संभागायुक्त ने की नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा
भोपाल, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शनिवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अंतर्गत संभाग के सभी 41 निकायों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना अर्बन 2.0 के अंतर्गत संभाग के सभी नगरीय निकायों में बन रहे आवासों का कार्य 15 अगस्त तक पूर्ण करें।
बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन नीलेश दुबे, निकायों के सीएमओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। संभागायुक्त शर्मा ने बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत बनने वाले आवासों के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में ब्याज सब्सिडी योजना (आईएसएस) से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभांवित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमएवाय अर्बन 2.0 के अंतर्गत मंडीदीप इंडस्ट्रियल एरिया में एर्फोडेबल रेंटल हाउसिंग का मॉडल प्रोजेक्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त संचालक दुबे ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 35 लाख तक की कीमत का घर खरीदने और अधिकतक 25 लाख ऋण लेने पर 1.8 लाख रूपये तक की राशि लोन सब्सिडी के रूप में प्रदान की जाती है। बैठक में अमृत 2.0 के अंतर्गत सभी निकायों में प्रत्येक घर तक नल से जल पेयजल योजना अंतर्गत संभाग के किसी निकाय में कोई वार्ड या क्षेत्र न छूटे, यह सुनिश्चित किया जाए। सभी निकायों में सीवेज, ट्रीटमेंट प्लान के कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। ग्रीन स्पेस एवं वॉटर बॉडी के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत के कार्यों को समय - सीमा में सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना पथ विक्रेताओं (रेहड़ी - पटरी) वालों के लिए वरदान साबित होती है इसलिए सभी अधिकारी जिले स्तर पर लीड बैंक अधिकारी के साथ मिलकर लोन आवेदनों के लिए आवश्यक दस्तावेजों की चैक लिस्ट तैयार कर विशेष ड्राइव चलाकर अधिक से अधिक प्रकरणों की स्वीकृति एवं ऋण वितरण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर नागरीय निकाय एवं बैंक सप्ताह में एक दिन प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रकरणों का रिव्यू सुनिश्चित करें। संभाग के सभी निकायों में सितंबर तक लक्ष्य की 70 प्रतिशत एवं दिसंबर तक शत - प्रतिशत उयलब्धि सुनिश्चित की जाए।
संभागायुक्त शर्मा ने संभाग के सभी नगरीय निकायों के सफाई कर्मियों को 15 अगस्त के पूर्व अभियान चलाकर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से लाभांवित किए जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही शासन के अमृत हरित अभियान के अंतर्गत सभी निकायों में लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण तय समय - सीमा में कर Meri Life Portal पर जानकारी दर्ज करवाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में संभाग के सभी जिलों के अंतर्गत आवारा श्वानों के लिए एबीसी सेंटर जिले स्तर पर क्रियाशील करवाने के निर्देश दिए। संभाग के सभी जिलों के अंतर्गत स्टेट हाईवे एवं नेशनल हाईवे से आवारा पशुओं को हटाने एवं स्थानीय स्तर पर उनकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सीएम हेल्प लाइन में विभाग से संबंधित 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का निराकरण करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन अधिनियम नियम - 2026 की विस्तृत जानकारी पावर पॉइंट प्रजेंटेंशन के माध्यम से दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

