मप्रः सीधी में बस और कार की सीधी भिड़ंत, तीन लोगों की मौत, 5 साल की बच्ची गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः सीधी में बस और कार की सीधी भिड़ंत, तीन लोगों की मौत, 5 साल की बच्ची गंभीर घायल


सीधी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार बस और कार के बीच सामने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला और दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि पांच साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे, जो सीधी की ओर से रामपुर नैकिन जा रहे थे। वहीं, वैष्णवी बस रामपुर नैकिन से सीधी की तरफ आ रही थी। शुक्रवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

चुरहट थाना पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान मैहर जिले के देवरी कला निवासी अनिल तिवारी (30), उनकी पत्नी मनोरमा तिवारी (35) और सुधीर तिवारी (32) के रूप में हुई है। वहीं, घायल बच्ची की पहचान मोइना तिवारी उर्फ रानी (8) के रूप में हुई है। अनिल और मनोरमा पति-पत्नी हैं। उनकी बेटी मोइना उर्फ रानी है। सुधीर, अनिल के बड़े पापा का बेटा यानी चचेरा भाई और मनोरमा का देवर है। सभी मृतक देवरी कला, थाना रामनगर, जिला मैहर के निवासी थे।

प्रत्यक्षदर्शी विनय मिश्रा निवासी कुआं ने बताया कि तीन लोगों की लाशें सड़क पर पड़ी थी। कार के अंदर खून से सनी बच्ची रो रही थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। बच्ची को कार से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एंबुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक के शव को कपड़े से ढक दिया। कार के परखच्चे उड़ गए हैं। बस का सामने का हिस्सा भी डैमेज हुआ है।

चुरहट अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर अनूप सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों के शरीर पर हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आई थीं। चोटों के कारण काफी खून बह गया था। वहीं, घायल बच्ची की हालत भी गंभीर है। डॉक्टर्स की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769672 Articles

Share this story