कलेक्टर ने की इज्तिमा की तैयारियों की समीक्षा, बोले- जमातों की सुविधा एवं सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टर ने की इज्तिमा की तैयारियों की समीक्षा, बोले- जमातों की सुविधा एवं सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता


भोपाल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित ईटखेड़ी में आगामी 04 से 07 दिसंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले आलमी तब्लीगी इज्तिमा की अग्रिम तैयारियों के संबंध में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पंकज पांडे द्वारा शुक्रवार को इटखेड़ी में समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अधिकारियों एवं आयोजन समिति को निर्देशित करते हुए कहा, आलमी तब्लीगी इज्तिमा एक विशाल एवं प्रतिष्ठित आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से अत्यधिक संख्या में जमातें सहभागिता करते हैं। समस्त प्रतिभागी जमातों को उत्कृष्ट नागरिक सुविधाएं प्रदान करना तथा उनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत पेयजल आपूर्ति, निर्बाध विद्युत प्रवाह, स्वच्छता, पहुंच मार्गों के सुदृढ़ीकरण तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि आयोजन के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं इज्तिमा आयोजन समिति के मध्य त्वरित संवाद तथा सुदृढ़ अंतर-विभागीय समन्वय अनिवार्य है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी खाद्य सामग्री एवं पेयजल की गुणवत्ता का सूक्ष्मता से परीक्षण करें, जिससे किसी भी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही, किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए न्यूनतम रिस्पॉन्स टाइम के साथ चिकित्सकों तथा एम्बुलेंस की चौबीसों घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पंकज पांडे ने बताया कि इज्तिमा स्थल तथा संपूर्ण क्षेत्र में सुरक्षा के प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी जन-नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) एवं सुगम यातायात प्रवाह के लिए विस्तृत यातायात परिवर्तन (ट्रैफिक डायवर्जन) योजना लागू की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769672 Articles

Share this story