मप्रः मुख्यमंत्री ने विश्व ध्यान दिवस पर दी बधाई, सभी से ध्यान करने का किया आहवान
भोपाल, 20 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व ध्यान दिवस (21 दिसंबर) पर ध्यान से जुड़े साधु-संतों, विचारकों और सभी नागरिकों को बधाई दी है। उन्होंने सभी नागरिकों से विश्व ध्यान दिवस पर ध्यान करने का आहवान किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि भारतीय संस्कृति में ध्यान का विशेष महत्व है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा उज्जैन आकर शिक्षा ग्रहण करने के युग से लेकर अब तक मध्य प्रदेश योग, ध्यान और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र रहा है। ध्यान, भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। यह हमारी मूल ज्ञान परंपरा भी है। आज ऋषि-मुनियों से लेकर अनेक उद्योगपति, प्रमुख जनप्रतिनिधि और चिंतक, विचारक भी नित्य दिनचर्या में ध्यान करते हैं। ध्यान मस्तिष्क और हृदय की क्षमताओं के विकास में सहयोगी है।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी नियमित रूप से ध्यान करते हैं। उन्होंने कहा कि मन को एकाग्रचित्त रखने के साथ स्वस्थ जीवन के लिए ध्यान अत्यंत आवश्यक है। जीवन में एकाग्रता और कार्य के प्रति समर्पण का भाव ध्यान से ही प्रेरित होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व योग दिवस के बाद विश्व ध्यान दिवस भी मनाया जाने लगा है। वर्ष 2024 से संयुक्त राष्ट्र संघ ने विश्व ध्यान दिवस को मान्यता दी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 से विश्व योग दिवस मनाने की शुरुआत विश्व स्तर पर हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

