मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज करेंगे मंत्रियों से वन-टू-वन, खुलेगा रिपोर्ट कार्ड

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज करेंगे मंत्रियों से वन-टू-वन, खुलेगा रिपोर्ट कार्ड


भोपाल, 17 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार से अपने मंत्रियों के साथ वन-टू-वन बैठक शुरू करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि यह कोई औपचारिक दरबारी मुलाकात नहीं होगी। माहौल चाय पर चर्चा वाला रखा जाएगा, लेकिन एजेंडा बेहद गंभीर है।

इन बैठकों में मंत्रियों को उनका परफॉर्मेंस रिपोर्ट कार्ड दिखाया जाएगा। यानी उनके विभाग ने कितना काम किया, जमीन पर कितना उतरा, यह सब आंकड़ों के साथ सामने रखा जाएगा। साथ ही अगर किसी मंत्री का अपने विभाग या किसी और मामले में कोई गिला-शिकवा है, तो वह भी सुना जाएगा। इस काम के लिए हर मंत्री को 15 मिनट का समय दिया गया है।

दरअसल, लंबे समय से चर्चा चल रही थी कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपने मंत्रियों से सीधे बात करेंगे। कई बार यह बैठकें आगे खिसकती रही थीं। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि वन-टू-वन बैठकों के बाद परफॉर्मेंस के आधार पर कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। इसमें कैबिनेट विस्तार या फेरबदल दोनों की संभावना बताई जा रही है। हालांकि, अभी यह सब अटकलों के दायरे में है।

सूत्रों के अनुसार जो मंत्री किसी विवाद या झगड़े में फंसे हैं, उनसे भी सीएम खास तौर पर बात करेंगे। कुछ मंत्रियों के आपसी टकराव और जनता से जुड़े विवाद सरकार के लिए मुश्किल बनते रहे हैं। यह वन-टू-वन बैठक ऐसे मामलों को सुलझाने का एक मौका भी होगी।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने 2023 के विधानसभा चुनाव में 230 में से 163 सीटें जीती थीं। दिसंबर 2023 में मोहन यादव ने 28 मंत्रियों के साथ कैबिनेट बनाई थी। प्रदेश कैबिनेट में वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 31 सदस्य हैं, जबकि 4 पद अभी भी रिक्त हैं। मोहन यादव सरकार का ढाई साल का कार्यकाल जल्द पूरा होने वाला है। ऐसे में यह समीक्षा बैठकें और वन-टू-वन चर्चाएं सरकार के लिए एक तरह का आत्ममंथन भी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story