मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज नेपानगर में जनजातीय सम्मेलन में होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज नेपानगर में जनजातीय सम्मेलन में होंगे शामिल


- 363 करोड़ 82 लाख रूपये के 127 विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण एवं भूमिपूजन

भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार को बुरहानपुर जिले के नेपानगर में आयोजित जनजातीय सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव 363 करोड़ 82 लाख रुपये के 127 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी आशा उइके ने बताया कि नेपानगर में ‘‘जनजातीय सम्मेलन एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन कार्यक्रम’’ में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत कार्यशाला भी आयोजित होगी। जनजातीय बाहुल्य नेपानगर में जनजातीय समुदाय की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव संवाद भी करेंगे।

जनजातीय सम्मेलन में कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा, आजीविका मिशन, वन विभाग की ‘‘विकास प्रदर्शनी’’ भी रहेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्मेलन में विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story