मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज मुरैना जिले के प्रवास पर, विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल
- दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय का करेंगे निरीक्षण
भोपाल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार को जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत मुरैना जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र एवं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण करने के साथ विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इसके अतिरिक्त वे उद्यम संवाद, जिला सलाहकार समिति की बैठक, यशस्वी संवाद एवं सीएम समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रातः 11 बजे भोपाल स्थित स्टेट हैंगर से विमान द्वारा प्रस्थान कर प्रातः 11:45 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे प्रातः 11:55 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा मुरैना के लिए रवाना होंगे तथा दोपहर 12:15 बजे मुरैना स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 12:25 बजे जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12:55 बजे शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुरैना पहुंचकर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे तथा विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर उद्यम संवाद में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:20 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति की बैठक में सहभागिता करेंगे। दोपहर 3 बजे एनआईसी कक्ष में यशस्वी संवाद तथा दोपहर 3:25 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीएम समाधान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात शाम 4:15 बजे मीडिया ब्रीफिंग करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4:25 बजे कलेक्ट्रेट से हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे तथा शाम 4:30 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा ग्वालियर के लिए रवाना होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव सायंकाल 4.50 बजे वापस ग्वालियर विमानतल पहुंचेंगे और यहाँ से थोड़ी देर बाद वायुमार्ग द्वारा इंदौर के लिये प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री शाम 5.55 बजे इंदौर एयरपोर्ट आएंगे। डॉ. यादव इंदौर में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात रात्रि 8.30 बजे इंदौर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

