मप्रः मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को ट्रांसफर किए 1835 करोड़, बोले- इसी महीने लागू करेंगे यूनिफॉर्म सिविल कोड

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को ट्रांसफर किए 1835 करोड़, बोले- इसी महीने लागू करेंगे यूनिफॉर्म सिविल कोड


मप्रः मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को ट्रांसफर किए 1835 करोड़, बोले- इसी महीने लागू करेंगे यूनिफॉर्म सिविल कोड


भोपाल, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 1835 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। इसी के साथ उन्होंने यह भी ऐलान किया कि इसी जुलाई महीने से ही मध्य प्रदेश में यूसीसी लागू कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के कल्याण और युवाओं को रोजगार का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में इसी जुलाई महीने यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू किया जाएगा। मध्य प्रदेश देश का वह राज्य बनेगा, जिसके नागरिकों के लिए एक समान कानून होगा। उन्होंने कहा कि जब देश एक है तो कानून भी एक ही हो। जब एक व्यक्ति एक शादी कर रहा है तो दूसरा दो तीन शादियां क्यों करे।

उन्होंने कहा कि यूसीसी के लिए गठित समिति को प्रदेशभर से 10 लाख से अधिक सुझाव मिले हैं, जिनमें मुस्लिम महिलाओं के सुझाव भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं को समान अधिकार और सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 322.29 करोड़ रुपये की लागत के 56 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इनमें 238.96 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण 40 कार्यों का लोकार्पण और 83.33 करोड़ रुपये की 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन शामिल रहा। उन्होंने इस अवसर पर घोषणा की कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भिंड जिले को चार सांदीपनि विद्यालयों की सौगात मिलेगी और लहार कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं शुरू की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story