मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में ट्रांसफर किए 1835 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में ट्रांसफर किए 1835 करोड़ रुपये


मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में ट्रांसफर किए 1835 करोड़ रुपये


- नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी से लाड़ली बहना योजना की 36वीं किस्त जारी की

भोपाल, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को नरसिंहपुर जिले के ग्राम मुंगवानी में आयोजित कार्यक्रम से ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की 36वीं किश्त जारी की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 22 हजार 542 लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 67 लाख 29 हजार 250 रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच पर कन्या पूजन कर मातृशक्ति के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया और उपस्थित बहनों से आत्मीय संवाद कर उनका हाल-चाल जाना। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण कर हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में योजना के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि लाडली बहनों का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण ही मध्य प्रदेश की प्रगति का असली आधार है। सरकार हर कदम पर अपनी बहनों के साथ खड़ी है।

कार्यक्रम के दौरान गोटेगांव विधायक महेंद्र नागेश ने क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से मुख्यमंत्री के समक्ष एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। उन्होंने मुंगवानी में नवीन महाविद्यालय खोलने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि स्थानीय स्तर पर कॉलेज खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए शहरों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा। स्थानीय नागरिकों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए आवश्यक कदम बताया है।

एक ओर जहां मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सुचारू रूप से चल रहा था, वहीं दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए मुस्तैद रहा। मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की योजना बना रहे युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष शिवम राय और उनकी टीम को पुलिस ने गोटेगांव में रोककर नजरबंद कर दिया। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों और शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए यह एहतियाती कार्रवाई की है। इस घटना के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में बहस छिड़ गई है। विपक्ष ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करार दिया है, जबकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि वीआईपी कार्यक्रम में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

गौरतलब है कि राजय सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना वर्ष 2023 जून में शुरू हुई थी। इस योजना में मुख्यमंत्री द्वारा 36वीं किश्त जारी की गई है। योजना के प्रारंभ में प्रत्येक पात्र महिला को 1,000 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जाते थे। अक्टूबर 2023 में इसे बढ़ाकर 1,250 रुपये प्रतिमाह किया गया। इसके बाद नवंबर 2025 से राशि में पुनः वृद्धि कर इसे 1,500 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कम राशि प्राप्त करने वाली महिलाओं को भी इस योजना के माध्यम से अतिरिक्त सहायता देकर कुल देय राशि सुनिश्चित की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story