मप्रः मुख्यमंत्री रविवार को मण्डला में तेंदूपत्ता संग्राहकों को अंतरित करेंगे 36.17 करोड़ से अधिक की बोनस राशि

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री रविवार को मण्डला में तेंदूपत्ता संग्राहकों को अंतरित करेंगे 36.17 करोड़ से अधिक की बोनस राशि


- 9 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहक होंगे लाभान्वित, काष्ठ लाभांश में 26.56 करोड़ रुपये से अधिक राशि का होगा वितरण

भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 04 अक्टूबर को मण्डला में आयोजित प्राथमिक वनोपज सहकारी समिति के सदस्यों के लिए प्रशिक्षण-सह-जागरूकता एवं प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 9 लाख 4 हजार 126 तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36 करोड़ 17 लाख 37 हजार 518 रुपये के तेंदूपत्ता बोनस का वितरण करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी केके जोशी ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्राहकों में पूर्व मण्डला, पश्चिम मण्डला, डिण्डोरी, जबलपुर, उत्तर सिवनी, दक्षिण सिवनी, उत्तर बालाघाट और दक्षिण बालाघाट वन मण्डल के प्रतिभागी लाभान्वित होंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में 84 वन समितियों के सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख 53 हजार 929 रुपये का काष्ठ लाभांश भी वितरित करेंगे। काष्ठ लाभांश में पूर्व मण्डला एवं पश्चिम मण्डला की कुल 84 वन समितियाँ शामिल रहेंगी। यह कार्यक्रम तेंदूपत्ता संग्राहकों एवं वनोपज से जुड़े परिवारों के आर्थिक हितों को सुदृढ़ करने तथा उनके परिश्रम के सम्मान के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

पांढुर्णा में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को पांढुर्णा जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे। साथ ही सांदीपनि स्कूल पांढुर्णा में सेवा मेरा योगदान एवं जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story