मप्र: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया हमीदिया अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण, रोगियों का जाना हालचाल

WhatsApp Channel Join Now
मप्र: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया हमीदिया अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण, रोगियों का जाना हालचाल


इमरजेंसी और सर्जिकल वार्ड पहुंचे, बोले- अनुपस्थित चिकित्सकों और स्टाफ पर होगी कार्यवाही

भोपाल, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार की रात हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी और सर्जिकल वार्ड का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रोगियों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को उनके समुचित उपचार और व्यवस्थाओं को ठीक रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हाजिरी रजिस्टर देखा और अनुपस्थित चिकित्सकों और अन्य स्टाफ के विरूद्ध जांच के पश्चात कार्यवाही के निर्देश कलेक्टर भोपाल और स्वास्थ्य आयुक्त को दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निरीक्षण के पश्चात मीडिया से बात करते हुए कहा कि मौसम में बदलाव के कारण बीमारियों की आशंका बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने रोगियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रबंध किए हैं और स्वास्थ्य क्षेत्र में अधोसंरचना विकसित की है, उनका लाभ सभी मरीजों को मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। आशा है, प्रदेश के सभी अस्पतालों में रोगियों के समुचित उपचार और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे प्रदेश की अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं और जनता से जुड़े संस्थाओं का आगे भी निरीक्षण करते रहेंगे।

रोगियों से मिले

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इमरजेंसी वार्ड के बाहर उपस्थित विदिशा निवासी अनूप राठी ने बताया कि वे अपनी माता जी लक्ष्मी राठी के किडनी के रोग के उपचार के लिए यहां पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सकों को श्रीमती राठी को डायलिसिस सुविधा दिलवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आदिल और सलमान निवासी सिवनी, अमृतलाल वर्मा निवासी नरसिंहगढ़, भूरेलाल और कन्हैयालाल, निवासी भोपाल, महेंद्र सिंह निवासी मऊरानीपुर झांसी और प्रेम यादव नरसिंहगढ़ ब्यावरा निवासी से उनके स्वास्थ्य और इलाज के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सकों से रोगियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्था के बारे में चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव पहुंचे सर्जरी वार्ड

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव सर्जरी वार्ड क्रमांक 5 पहुंचे और विभिन्न रोगियों से उनके चल रहे उपचार की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सेवा कार्य कर रहे युवा भावेश दादलानी और अमित ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बताया कि वे रोगियों के सेवा के लिए प्रति रविवार हमीदिया अस्पताल आते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निरीक्षण के दौरान सचिव कौशलेंद्र विक्रम सिंह और जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785513 Articles

Share this story