मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत होगी सीधी बस कनेक्टिविटीः सिलावट
इंदौर, 25 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ से प्रदेश में यात्री परिवहन के क्षेत्र में नए अध्याय की शुरुआत हुई है। इस सेवा से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बीच सीधी बस कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा लाखों नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। लंबे अरसे बाद प्रदेश में सरकारी नियंत्रण में गांवों से शहरों तक बसें संचालित होंगी।
मंत्री सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा प्रदेश के परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने शुक्रवार को भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 7 शहरों की 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ किया।
मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के माध्यम से प्रदेश की 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक परिवहन सुविधा का विस्तार किया जाएगा। इससे ग्रामीण नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए शहरों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। यह पहल शहरों और गांवों के बीच संपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, निगरानी प्रणाली और सुरक्षा सुविधाओं के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं समयबद्ध परिवहन सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। प्रदेश सरकार का उद्देश्य आमजन को सुलभ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल यात्री परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सेवा से प्रदेशवासियों को बेहतर यात्री परिवहन सुविधा मिलेगी और शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

