हमारे युवाओं के कौशल को मिल रही वैश्विक मान्यता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मध्य प्रदेश के तीन प्रशिक्षणार्थियों को हंगरी में मिला रोजगार
भोपाल, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रदेश के युवा कौशल से रोजगार तक और अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। यह हमारे प्रदेश के युवाओं के अपने कौशल के बलबूते कौशल को मिल रही वैश्विक मान्यता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि संत रविदास ग्लोबल स्किल पार्क में अपना कौशल विकास कर रहे तीन प्रशिक्षार्थियों को हंगरी में रोजगार मिला है। यह प्रदेश के युवाओं के सामर्थ्य, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और वैश्विक अवसरों से जुड़ाव का प्रमाण है। इन तीनों ही प्रशिक्षणार्थियों को हंगरी की प्रतिष्ठित वैश्विक कंपनी 'एसआरएफ लिमिटेड' में रोजगार का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए उपलब्ध कराए गए आधुनिक एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण से संभव हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तीनों प्रशिक्षार्थियों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

