'सच्चा वादा-पक्का काम' के सूत्रवाक्य के साथ जनहितैषी कार्यों को आगे बढ़ा रही राज्य सरकार: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
'सच्चा वादा-पक्का काम' के सूत्रवाक्य के साथ जनहितैषी कार्यों को आगे बढ़ा रही राज्य सरकार: मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री ने 04 जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को अंतरित की 30 करोड़ से अधिक बोनस राशि

भोपाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार 'सच्चा वादा-पक्का काम' के सूत्रवाक्य के साथ प्रदेश में विकास और जनहितैषी कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में गरीब, किसान, युवा और नारियों के कल्याण के लिए अनेक कार्य हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को बैतूल में हुए तेंदूपत्ता संग्राहकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीते शुक्रवार को ही किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की राशि की सौगात मिली है। प्रदेश के किसानों को पर्याप्त बिजली और सिंचाई की सुविधाएं मिल रही हैं। आज बैतूल में चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि मिली है। यह दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा एवं नर्मदापुरम वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों के अथक परिश्रम के सम्मान और उनके वाजिब हक की राशि है। प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब तक 80 करोड़ रुपए से अधिक राशि दी गई है।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय नायकों का स्मरण करते हुए कहा कि अद्भुत वन सम्पदा और नैसर्गिक सौन्दर्य के मामले में बैतूल जिला अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि बैतूल जिले के समग्र विकास को और गति देने के लिए जिलेवासियों को इसी जगह पर 443 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की अनुपम सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में बन रहे सांदीपनि विद्यालय बेहतर और गुणवत्तायुक्त शिक्षा का मॉडल बन चुके हैं। बैतूल में जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमि-पूजन किया गया है। राज्य सरकार मेधावी योजना के अंतर्गत बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले बच्चों को 25 हजार रुपये के लैपटॉप और कक्षा 12वीं के स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान कर रही है। हमारी सरकार विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य के लिए किताबें, साइकिल, गणवेश और छात्रवृत्ति हर तरीके से मदद कर रही है।

उन्होंने कहा कि बच्चे और युवा मध्यप्रदेश का भविष्य हैं, उनके लिए भविष्य में पर्याप्त रोजगार उपलब्ध हों, इसके लिए प्रदेशभर में उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। हमारे बच्चे पढ़-लिखकर नौकरी मांगने की बजाय रोजगार देने वाले बनें, इसके लिए उन्हें कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने अब तक 85 हजार शासकीय पदों पर युवाओं को नियुक्ति दी है। अब एक लाख नए पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की गई है। प्रदेश के 1 लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। हमारी सरकार सबका साथ-सबका विकास की भावना से काम कर रही है। दीपावली से पहले हमने राज्य कर्मचारियों को 2 प्रतिशत मंहगाई भत्ता (डीए) की सौगात भी दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैतूल के कुकरू खामला का सौंदर्य दर्शनीय है। यहां 15 करोड़ रुपए की लागत से पर्यटन सुविधाओं को विस्तार दिया जा रहा है। यहां कॉफी के बागान लगाए जाएंगे। बैतूल-मुलताई में 24 करोड़ के नए कारखाने लगाए जाएंगे। भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के अवसर प्रदेशभर में 15 नवंबर से 17 नवंबर तक तीन दिन उत्सव मनाया जाएगा।

प्रमुख घोषणाएं -

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में बैतूल जिले के लिए निम्न घोषणाएं कीं -

- नल जल योजना के कार्यों के लिए 50 करोड़ राशि दी जाएगी।

- बैतूल में 15 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन और हाट बाजार बनेगा।

- सड़क चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

- बैतूल में 70 करोड़ रुपये की लागत से चार जलाशयों का निर्माण किया जाएगा।

- 154 करोड़ की लागत से रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना विकसित की जाएगी।

- घोड़ा डोंगरी में बैराज और जलाशय बनाएं जाएंगे।

- बैतूल के शासकीय हाईस्कूलों में 50 करोड़ की लागत से सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

- 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत से फुटबॉल टर्फ, इनडोर और आउटडोर स्टेडियम बनाएं जाएंगे।

- बैतूल में जनजातीय संग्रहालय बनाया जाएगा।

- प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में 7 करोड़ की लागत से सफारी गेट का निर्माण किया जाएगा।

- ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट के पास 3 करोड़ की लागत से बटर फ्लाई पार्क विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गोवर्धन पूजा पर वृंदावन गांवों में अच्छे पशुधन की प्रतियोगिताएं आयोजित करने और पशुपालकों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। हमारे किसान एवं सभी जनजातीय बंधु गौपालन करें और दूध उत्पादन बढ़ाकर अपनी आमदनी बढ़ाएं। राज्य सरकार कोदो-कुटकी सहित सभी प्रकार के मोटे अनाजों (श्रीअन्न) के उत्पादन को प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने कहा कि मजरे-टोले-दूरस्थ गांवों में रहने वाले जनजातीय भाई-बहनों को भी अब बेहतर सड़कों और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना की 'सुगम बसों' की सुविधा मिल रही है।

कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, विधायकगण प्रेमशंकर वर्मा, योगेश पंडाग्रे, विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770224 Articles

Share this story