मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की सादगी पूर्ण विवाह की प्रशंसा, खण्डेवाल परिवार को दी बधाई
भोपाल, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल में खंडेलवाल परिवार में हुए सादगी पूर्ण विवाह समारोह की प्रशंसा की है, साथ ही खण्डेवाल परिवार को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नव दंपति को भी बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और खंडेलवाल परिवार को भेजे संदेश में कहा कि 3 जुलाई को परिवार द्वारा सीमित संख्या में अतिथियों को आमंत्रित कर सादगी पूर्ण विवाह समारोह संपन्न किया। परिवार ने आडंबर विहीन कार्यक्रम आयोजित कर बहुत कम संख्या में अतिथि बुलाकर उत्कृष्ट परंपरा का परिचय देते हुए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो अन्य नागरिकों के लिए भी प्रेरक है। आज के समय में सादगी पूर्ण विवाह उपयोगी हैं। खर्चीले विवाहों पर अंकुश लगाया जाना चाहिए। यह सभी हित में है। हेमंत खंडेलवाल ने अपने पुत्र वरद के विवाह में यह अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो प्रशंसनीय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

