मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रंग पंचमी पर उज्जैन में खेली फूलों की होली
- आम जन पर की फूल की वर्षा, ये देश है वीर जवानों का... गाना गाया
उज्जैन, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को रंगपंचमी के पावन अवसर पर उज्जैन के टॉवर चौक पर आमजन के साथ फूलों की होली खेली। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव सिंधी कॉलोनी से निकाली गई गेर (चल समारोह) में शामिल हुए।
आमजन ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अपने बीच पाकर हर्षोल्लास से रंग पंचमी मनाई और मुख्यमंत्री डॉ यादव का अभिवादन किया। टॉवर चौक पर एक मंच बनाया गया था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी पर गुलाब के फूल बरसाकर होली खेली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ये फूल हमें याद दिलाते हैं कि जीवन में रंग भले कितने भी हों, असली रंग तो दिल के रंग होते हैं-जो एक-दूसरे के लिए सम्मान, भाईचारा और देशभक्ति से भरे हों। रंग पंचमी पर हमारे जीवन में आत्मीयता बढ़े, प्रेम और स्नेह बढ़े यही ईश्वर से प्रार्थना है।
इसके बाद मुख्यमंत्री और आम जनता ने मिलकर 'ये देश है वीर जवानों का, अलबेलों का मस्तानों का' गाया तो लगा जैसे पूरा उज्जैन, पूरा मध्य प्रदेश, पूरा भारत एक सुर में गूंज रहा है। ये गाना उन वीर जवानों के लिए समर्पित था जो सीमा पर खड़े होकर हमें ये रंग खेलने की आजादी देते हैं। आज टॉवर चौक पर रंग पंचमी पर हजारों लोग एक साथ नाच रहे, गा रहे थे, जिसमें मालवी परंपरा की सोंधी खुशबू भी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

