मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को नरयावली को देंगे 63 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
- सांदीपनि विद्यालय का करेंगे लोकार्पण
भोपाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को सागर जिले की नरयावली विधानसभा को विकास की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव 63.41 करोड़ रुपये की लागत वाले 75 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा बुधवार को जानकारी दी गई कि डॉ. यादव गुरुवार को नरयावली में आयोजित कार्यक्रम में 41.20 करोड़ की लागत वाले 22 कार्यों का लोकार्पण और 22.21 करोड़ की लागत के 53 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी किया जायेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव बोर्ड परीक्षा की प्रवीण्य सूची में स्थान पाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

