मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दंदरौआ सरकार धाम में दर्शन कर पूजा-अर्चना की

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दंदरौआ सरकार धाम में दर्शन कर पूजा-अर्चना की


भिण्ड, 12 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिण्ड जिले की मेहगांव तहसील स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ सरकार धाम पहुंचकर दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर परिसर में भगवान के समक्ष प्रदेश की उन्नति, किसानों की समृद्धि तथा नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर के महंत श्री श्री 1008 रामदास जी महाराज से भेंट भी की एवं मंदिर परिसर का भ्रमण किया। दर्शन एवं पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर उन्होंने दंदरौआ सरकार धाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आस्था केंद्र समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल,नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story