आदर्श विद्यालयों से ही संस्कारित होगी नई पीढ़ी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
आदर्श विद्यालयों से ही संस्कारित होगी नई पीढ़ी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


आदर्श विद्यालयों से ही संस्कारित होगी नई पीढ़ी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री ने मानव बाल कल्याण समिति के महाकालपुरम प्रकल्प का किया भूमिपूजन

भोपाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आदर्श विद्यालयों से ही नई पीढ़ी संस्कारित होगी। शिक्षा के नए प्रकल्पों की शुरुआत इस दिशा में एक शुभ संकेत है। विद्यालय व्यक्तिगत मान अपमान के लिए नहीं होते है। यहां पर सब लोग एक समान रुप में शिक्षा ग्रहण करते है। गुरु सांदीपनि की परंपरा का निर्वहन करते हुए उज्जैन से कृष्ण और सुदामा की नई पीढ़ी निकलेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को उज्जैन के जियापुरा में विद्या भारती की मानव बाल कल्याण समिति (विद्याभारती) के द्वारा निर्मित होने वाले बहुउद्देशीय महाकालपुरम प्रकल्प के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उज्जैन में महाअष्टमी के दिन शिक्षा के एक नए चरण की शुरुआत हो रही है। पहले से ही उज्जैन में दो सरस्वती शिशु मंदिर संचालित हो रहे है जो कि मध्य प्रदेश बोर्ड के अधीन है। यह नया प्रकल्प सीबीएसई के अनुसार शिक्षण प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस प्रकल्प के लिए पूर्व में स्वीकृत किए गए 75 लाख के अलावा 1.25 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाकालपुरम का शिलान्यास एवं भूमि-पूजन किया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि विद्या भारती ऐसी संस्था है जहां पर बच्चों को सर्वांगीण विकास होता है। सांसद श्री फिरोजिया ने कहा कि मैं भी सरस्वती शिशु मंदिर का छात्र रहा हूं। यह ऐसी संस्था है जो छात्रों को अच्छा आचरण, संस्कार व नैतिकता का पाठ पढ़ाती है।

इस अवसर पर विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा, संत श्याम गिरी महाराज (राधे-राधे बाबा), महापौर मुकेश टटवाल, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, राकेश पंड्या, मानव बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष गजेन्द्र मेहता, मानव बाल कल्याण समिति के सचिव योगेश, पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगरकोट माता के दर्शन किए

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को महाष्टमी पर्व पर उज्जैन प्रवास के दौरान नगरकोट माता मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माता जी का पूजन-अर्चन कर प्रदेश की जनता की कुशलता और समृद्धि की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763221 Articles

Share this story