मुख्यमंत्री इंदौर पहुंचकर अग्निकांड पीड़ितों से मिले, कहा- दुर्घटना की एक्सपर्ट से हर पहलू की कराएंगे गहन जांच

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री इंदौर पहुंचकर अग्निकांड पीड़ितों से मिले, कहा- दुर्घटना की एक्सपर्ट से हर पहलू की कराएंगे गहन जांच


मुख्यमंत्री इंदौर पहुंचकर अग्निकांड पीड़ितों से मिले, कहा- दुर्घटना की एक्सपर्ट से हर पहलू की कराएंगे गहन जांच


- दिवंगत नागरिकों को दी श्रद्धांजलि, अग्नि दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों के परिजन से भेंट कर किया शोक व्यक्त

भोपाल, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर में जंजीरवाला चौराहा स्थित जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभागृह पहुँचकर यहां बंगाली चौराहा स्थित बृजेश्वरी एनेक्स में गत दिवस हुए अग्नि दुर्घटना में दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए बाबा महांकाल से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और शोक संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने परिजन से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना की एक्सपर्ट द्वारा हर पहलू की गहन एवं व्यवस्थित जाँच करायी जाएगी। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो, इस दिशा में राज्य सरकार आवश्यक कदम उठायेगी।

हादसे में तीन बच्चों सहित आठ की मौत

इंदौर में बंगाली चौराहा स्थित बृजेश्वरी एनेक्स में बुधवार को इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शार्ट सर्किट से लगी आग तेजी से फैली और पूरे घर के अपनी चपेट में ले लिया था। इस हादसे में तीन बच्चों सहित आठ लोगों की इसमें मौत हो गई थी। अग्निकाड में मनोज पुगलिया, उनकी बहू सिमरन, साले विजय, साले की पत्नी सुमन, बेटी रुचिका, नाती कार्तिक, राशि और तनय की मौत हो गई थी। इस हादसे में मनेाज की पत्नी सुनीता, दो बेटे सौरभ व बाबू बच निकलकर बाहर आ गए थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार दोपहर में इंदौर पहुंचकर अग्निकांड के पीड़ितों से मुलाकात की और परिवार को ढांढ़स बंधाया। मृतक मनोज पुगलिया के बड़े बेटे सौरभ ने मुख्यमंत्री से कहा गाड़ी की चार्जिंग के कारण नहीं बिजली पोल पर हुए सर्किट के कारण घर में आग लगी। पहले कार जली, फिर भीतर खड़ी बाईक में आग लगी। सौरभ ने कहा फायर ब्रिगेड समय पर नहीं आई। एक से डेढ़ घंटा लेट आई। यदि समय पर आ जाती तो कुछ लोगों की जान बच जाती। टैंकरों में पानी नहीं था। एक टैंकर चालक दूसरी गली में घुस गया। उनके पास सीढ़ी भी नहीं थी।

मुख्यमंत्री ने परिवार से मिलने के बाद मीडिया से चर्चा में कहा घर अंदर से दरवाजे जाम हो जाना बहुत दुखद है। जांच रिपोर्ट आने का इंतजार करेंगे। उन्होंने कहा कि ईवी चार्जिंग सिस्टम और घरों में लगने वाले इलेक्ट्रिक लॉक को कैसे सुरक्षित बनाएं ताकि गड़बड़ी होने पर इनसे बचा जा सके। इसके लिए सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस हृदय विदारक दुर्घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन और विशेष डीजी आदर्श कटियार को घटना स्थल के निरीक्षण के लिए भेजा गया।

इस दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकरलाल लालवानी, विधायकगण महेन्द्र हार्डिया, मालिनी गौड़ और गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story