सामूहिक विवाह सम्मेलन से आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों को मिलता है बड़ा सहारा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
सामूहिक विवाह सम्मेलन से आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों को मिलता है बड़ा सहारा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री ने जबलपुर जिले के शहपुरा में हुए सामूहिक कन्या विवाह-निकाह सम्मेलन में वीसी से की सहभागिता

भोपाल, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में समानता, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। इन सम्मेलनों से आर्थिक रूप से कमजोर, असमर्थ एवं जरूरतमंद परिवारों को बड़ा सहारा मिलता है।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने रविवार को जबलपुर जिले की बरगी विधानसभा क्षेत्र के शहपुरा नगर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलन में देवी अहिल्या एयरपोर्ट इंदौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। इस अवसर पर शहपुरा में कुल 200 जोड़ों का सामुहिक विवाह-निकाह संपन्न हुआ। इसमें 198 जोड़ों का हिन्दू रीति-रिवाजों से तथा दो जोड़ों का कबूलियत निकाह पूर्ण कराया गया। कार्यक्रम में विधायक एवं इस सम्मेलन के संयोजक नीरज सिंह ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों के परिजन भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नवदम्पत्तियों को मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज हमारी 200 बेटियों का घर बस गया। यह सिर्फ़ एक वैवाहिक सम्मेलन नहीं, समाज में खुशियों और विश्वास का एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि हम बेटियों के मान-सम्मान, आजीविका और इनके सशक्तिकरण के लिए कोई भी कमी नहीं रखेंगे।

मुख्यमंत्री ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारी सरकार का सौभाग्य है कि हमने बेटियों के पक्ष से मेजबान के रूप में बारातियों की मेहमाननवाजी कर इस पुण्य कार्य में सहभागिता की है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारी बेटियों का जीवन हर तरह से खुशहाल और सुरक्षित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामूहिक विवाह-निकाह सम्मेलन के सफल आयोजन-संचालन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं जोड़ों के अभिभावकों, परिजनों को भी बधाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story