मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुजालपुर में किसानों के साथ सुना मन की बात कार्यक्रम
भोपाल, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शुजालपुर में किसानों और स्थानीय निवासियों के साथ मन की बात कार्यक्रम सुना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का यह 134वां संस्करण था।
शुजालपुर (जिला शाजापुर) के शासकीय जेएनएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, सांसद महेंद्र सोलंकी, विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, अन्य जन प्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
तम्बाकू और धूम्रपान से दूर रहें, मुख्यमंत्री ने विश्व धूम्रपान निषेध दिवस पर की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से तंबाकू और धूम्रपान से स्वयं को दूर रखने और स्वस्थ जीवन के लिए दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन अनेक बीमारियों की जड़ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व धूम्रपान निषेध दिवस पर सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि यह दिवस धूम्रपान से दूर रहने के लिए हम सबको प्रेरित और जागरूक करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

