उच्च कोटि के कुशल संगठक थे कुशाभाऊ ठाकरे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
उच्च कोटि के कुशल संगठक थे कुशाभाऊ ठाकरे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


उच्च कोटि के कुशल संगठक थे कुशाभाऊ ठाकरे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि, कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में लगाया आंवले का पौधा

भोपाल, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि राष्ट्रऋषि कुशाभाऊ ठाकरे उच्च कोटि के रणनीतिकार और कुशल संगठक थे। उन्होंने संगठन में समर्पित कार्यकर्ताओं की एक नई पौध तैयार की। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संगठन ने नई ऊंचाइयां प्राप्त की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर पहुंचकर यहां स्व. कुशाभाऊ ठाकरे की आदमकद प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती स्मृति में सेंटर परिसर में ही आंवले का पौधा भी लगाया।

इस अवसर पर भोपाल के लोकसभा सांसद आलोक शर्मा, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पूर्व सांसद आलोक संजर, राहुल कोठारी, रविन्द्र यति, जसवंत सिंह हाड़ा अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों ने बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज स्व.कुशाभाऊ ठाकरे जी की जयंती भी है। आज मैं जानापाव जा रहा हूं, जहां महर्षि परशुराम जी ने भगवान श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र प्रदान किया था। इस धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए जानापाव को प्रमुख तीर्थस्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि देवस्थानों के विकास से प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। श्री महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन सहित पूरे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के प्रति एक नया वातावरण बना है। वर्ष 2022 तक जहां उज्जैन में लगभग 60-70 लाख श्रद्धालु एवं पर्यटक आते थे, वहीं आज यह संख्या करोड़ों में पहुंच गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी विकास किया जा रहा है, ताकि वहां श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या बढ़े, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों और इन क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी पर्वों और त्यौहारों के बीच भी हम अपनी सभी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल से जुड़ी सभी कठिनाइयों और विषयों को हम माननीय उच्चतम न्यायालय के समक्ष पूरी गंभीरता से रख रहे हैं। उच्चतम न्यायालय के मार्गदर्शन के अनुरूप जो भी बेहतर से बेहतर निर्णय संभव होगा, उसके लिए हमारी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में हम व्यापारियों और स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी पक्षों पर गंभीरता से विचार करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के समक्ष हमारा पक्ष भी मजबूती से रखा जाएगा। वर्षों पुरानी इस समस्या के स्थायी और बेहतर समाधान की दिशा में सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story