मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़वानी में मेधावी प्रतिभाओं से किया संवाद

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़वानी में मेधावी प्रतिभाओं से किया संवाद


मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़वानी में मेधावी प्रतिभाओं से किया संवाद


मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बड़वानी में मेधावी प्रतिभाओं से किया संवाद


भोपाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बड़वानी में क्षेत्र के विशिष्ट नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खेल प्रतिभाओं के साथ एक सार्थक जनसंवाद किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी उपलब्धियों को रेखांकित करना और उन्हें प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में पटेल, पुजारा, ममता ब्रिगेड, ट्राइबल हीलर (आदिवासी चिकित्सक) सहित क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित नागरिकों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 3 की नन्हीं लेखिका शिवी शर्मा ने अपनी स्वयं लिखित पुस्तक शिवस मिरेकल स्टोरीज मुख्यमंत्री को भेंट की। कम उम्र में साहित्यिक और रचनात्मक क्षेत्र में इस अद्भुत उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री ने बालिका की मुक्तकंठ से सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाएं आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

जनसंवाद में खेल के क्षेत्र में जुलवानिया के युवाओं द्वारा अर्जित की गई उपलब्धियों पर भी विशेष चर्चा हुई। शूटिंग कोच नीरज कुमार माहुले के कुशल मार्गदर्शन में क्षेत्र के खिलाड़ियों ने न केवल अपने कौशल को निखारा है, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय पटल पर बड़वानी का नाम रोशन किया है। कार्यक्रम में वैष्णवी माहुले (पुत्र नीरज कुमार माहुले) को 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग में 'नेशनल स्तर' के लिए क्वालीफाई करने पर मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सम्मानित किया। साथ ही, शिवांश ओटवाल (पुत्र शिव ओटवाल) और अथर्व गुप्ता (पुत्र विवेक गुप्ता) द्वारा 'राज्य स्तर' के लिए क्वालिफाई करने पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी सफल खिलाड़ियों, उनके कोच और परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र के युवा जिस प्रकार खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, वह पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने समाज के विकास में इसी प्रकार निरंतर योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री का बड़वानी के उद्यमियों व कृषकों के साथ संवाद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़वानी जिले के विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख उद्यमियों, कृषकों और नवप्रवर्तकों के साथ प्रेरणादायक संवाद किया। इस विशेष बैठक में खाद्य प्रसंस्करण, कपास उद्योग, टेक्सटाइल, रिन्यूएबल ऊर्जा और विनिर्माण जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव तथा महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

निमाड़ की पहचान 'सफेद सोना' और रोजगार सृजन

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि निमाड़ क्षेत्र की मुख्य पहचान 'सफेद सोना' (कपास) की फसल और उससे जुड़े उद्योग है। उन्होंने कहा कि सभी उद्यमियों ने जिनिंग और प्रेसिंग इकाइयों के माध्यम से स्थानीय कपास को बेहतरीन गुणवत्ता के साथ देश और दुनिया की टेक्सटाइल मिलों तक पहुँचाने का जो उत्कृष्ट कार्य किया है। उससे स्थानीय स्तर पर रोजगार का एक बहुत बड़ा सृजन हुआ है।

निवेश एवं उद्योगों से जुड़े क्षेत्र में रोजगार को दिया जा रहा प्रोत्साहन

औद्योगिक विकास और कृषि आधारित उद्योगों पर चर्चा करते हुए एक कृषक ने रेडीमेड गारमेंट उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किए जाने की बात कही, इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में भी विशेष प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन निवेश और उद्योग को गति देने के लिए निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा कपास के साथ-साथ लेबर (श्रमिकों) पर भी सब्सिडी प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में रोजगार आधारित उद्योगों को स्थापित करना है। इसके साथ ही, उन्होंने पीएम मित्र पार्क में कपास को विशेष प्रोत्साहन देने और कपास के बाजारों का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया।

भविष्य की योजनाएं: टेक्सटाइल पॉलिसी और निर्यात

भविष्य के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शासन द्वारा टेक्सटाइल पॉलिसी के तहत कपास उद्योगों को और अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके साथ ही, कॉटन बेल्स और सीड के निर्यात को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए उद्योगों के तकनीकी अपग्रेडेशन के लिये विशेष कार्य किए जाएंगे।

कृषकों द्वारा आभार एवं ग्रीन एनर्जी की पहल

संवाद के दौरान कृषकों ने कपास की खेती पर मिलने वाली 50 प्रतिशत सब्सिडी के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इसके अतिरिक्त, सोलर प्लांट स्थापित होने से बिजली बिलों में आई भारी कमी पर इसे ग्रीन एनर्जी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया गया। इस गरिमामय अवसर पर क्षेत्र के सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल, विधायक श्री श्याम बर्डे, विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कस्तूरी कॉटन उत्पाद को करेंगे प्रोत्साहित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि बड़वानी में उगाये जाने वाले उन्नत किस्म के कस्तूरी कॉटन को प्रोत्साहित किया जाएगा। धार जिले में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क के चलते निमाड़ अंचल में कॉटन की मांग बढ़ी है। राज्य सरकार कृषक हित में कस्तूरी सहित सभी प्रकार के कपास के उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देगी।

प्रमुख घोषणाएं

- बड़वानी में पवित्र नर्मदा नदी पर 25 करोड़ रुपये की लागत से नये घाट बनाए जाएंगे। सरदार सरोवर बांध बनने से जलमग्न हुए घाटों की कमी पूरी की जाएगी।

- भीमा नायक महाविद्यालय को विभिन्न परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

- पानसेमल के महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की शुरुआत की जाएगी।

- बड़वानी के प्राचीन सेंधवा किले और राजवाड़े सहित अन्य पुरातात्विक धरोहरों के जीर्णोद्धार के लिए पुरातत्व विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

- बड़वानी में 10 करोड़ रुपये की लागत से आदर्श अनाज मंडी विकसित की जाएगी।

- खेल के मैदान को स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के रूप में विकसित कर सर्वसुविधाओं से लैस किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story